अमेठी में 6 अंतर्जनपदीय चोर गिरफ्तार:11 ड्रम तारकोल, दो पिकअप और 6 हजार रुपए बरामद; 2 दिन पहले की थी चोरी
अमेठी पुलिस ने छह अंतर्जनपदीय चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी के 11 ड्रम तारकोल, 6 हजार रुपए और दो पिकअप वाहन बरामद हुए हैं। आरोपियों ने दो दिन पहले एक कंस्ट्रक्शन कंपनी से तारकोल के 11 ड्रम चोरी किए थे। इसके अलावा गैंग के तीन सदस्यों ने करीब दो महीने पहले संग्रामपुर थाना क्षेत्र के उत्तरगांव में एक घर से 25 हजार रुपए भी चोरी किए थे।
सीसीटीवी में कैद हुई थी चोरी की घटना
पीडब्ल्यूडी ठेकेदार बृजेश सिंह के कारखाने से रविवार रात पांच नकाबपोश चोरों ने तारकोल के 11 ड्रम चोरी किए थे। चोरी की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर छह आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने सोमवार दोपहर करीब 2 बजे मुखबिर की सूचना पर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर कुंडवा मोहम्मदपुर स्थित प्राथमिक पाठशाला के पीछे शिव लखन मिश्रा के बाग से चोरी किए गए तारकोल के 11 ड्रम बरामद किए गए। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल किए गए दोनों पिकअप वाहन भी जब्त कर लिए हैं।
प्रतापगढ़, रायबरेली और अमेठी के हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपी प्रतापगढ़, रायबरेली और अमेठी के रहने वाले हैं। सीओ अमेठी श्वेताभ भास्कर ने सोमवार शाम 5 बजे संग्रामपुर थाने में मामले का खुलासा किया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)