अमरोहा में गांधी-शास्त्री जयंती पर डीएम-एसपी ने दी श्रद्धांजलि:कलेक्ट्रेट समेत कई कार्यालयों में कार्यक्रम, छात्राओं ने भजन भी गाए
अमरोहा में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। इस मौके पर जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ और पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव समेत कई प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। कलेक्ट्रेट, एसपी ऑफिस और सभी थानों सहित सरकारी-गैर सरकारी कार्यालयों में कार्यक्रम आयोजित हुए। पुलिस अधीक्षक ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा और कर्तव्यपरायणता की शपथ दिलाई। राजकीय महिला इंटर कॉलेज की छात्राओं ने गांधी जी का प्रिय भजन 'रघुपति राघव राजा राम' की मनमोहक धुन बजाई। जिलाधिकारी ने महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया। उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर सैनिकों को नमन कर श्रद्धांजलि दी। अपने भाषण में जिलाधिकारी ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, आचरण और विचारों से प्रेरणा लेने को कहा। उन्होंने बताया कि इन दोनों महापुरुषों के सिद्धांत आज भी हमें देश को आगे बढ़ाने का रास्ता दिखाते हैं। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे अपने लक्ष्य को पाने के लिए पूरी निष्ठा और मेहनत से जुट जाएं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)