AMU के एक और पूर्व असिस्टेंट प्रॉक्टर को धमकी:बाइक सवार हमलावरों ने कार रोककर घेरा; कहा- बहुत FIR कराने का शौक है, बेटे को अनाथ क्यों करवाना चाहता है

Oct 11, 2026 - 17:06
0
AMU के एक और पूर्व असिस्टेंट प्रॉक्टर को धमकी:बाइक सवार हमलावरों ने कार रोककर घेरा; कहा- बहुत FIR कराने का शौक है, बेटे को अनाथ क्यों करवाना चाहता है
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) में छात्रसंघ धरने से जुड़े मुकदमों के बीच पूर्व असिस्टेंट प्रॉक्टर फराज फारूक को तमंचा सटाकर हत्या की धमकी देने और फायरिंग करने का मामला सामने आया है। रविवार को सिविल लाइंस थाने में FIR दर्ज की गई। आरोप है कि 8 अक्टूबर की सुबह करीब 3:30 बजे प्रॉक्टर कार्यालय से घर लौटते समय दो बाइकों पर आए हमलावरों ने उनकी कार घेरकर रोक ली। कार पर प्रहार करने के बाद एक ने गाली देते हुए FIR कराने को लेकर धमकाया, जबकि दूसरे ने गर्दन पर तमंचा सटाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद हमलावर उनकी ओर फायरिंग कर फरार हो गए। फराज फारूक AMU के वास्तुकला विभाग में सहायक आचार्य भी हैं। बता दें कि शनिवार रात में एक सहायक प्रॉक्टर ने खुद को फोन पर धमकी की एफआईआर कराई थी। रास्ता रोककर कार पर किए प्रहार फराज फारूक ने तहरीर में बताया कि वह अपनी सफेद होंडा सिटी कार से अकेले फोर्ट एन्क्लेव स्थित घर जा रहे थे। पुरानी चुंगी से बेगम सुल्तान जहां हॉस्टल के पास फ्लाईओवर की ओर मुड़ते ही दो मोटरसाइकिलों पर सवार अज्ञात लोगों ने पीछा शुरू कर दिया। एक बाइक आगे लगाकर रास्ता रोक दिया, जबकि दूसरी ने पीछे से घेर लिया। लाल-काले रंग की आगे वाली बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। आरोप है कि चेहरे ढके दो हमलावर नीचे उतरे और कार पर जोर-जोर से प्रहार कर शीशा नीचे करने को कहा। शीशा खुलते ही एक ने धमकाया, ‘बहुत तेज चल रहा है, बहुत FIR बाजी का शौक हो रहा है।’ उसने बेटे को अनाथ करने की धमकी देते हुए कहा कि उसे घर, मोहल्ले और आने-जाने के रास्तों की जानकारी है। गर्दन पर तमंचा रखकर बोला- यहीं बिछा दूंगा तहरीर के मुताबिक, दूसरे हमलावर ने जींस से देशी तमंचा निकालकर लोड किया और फराज फारूक की गर्दन के दाहिने हिस्से में, कान के ठीक नीचे, सटा दिया। उसने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों बाइक पर बैठे और भागने से पहले उनकी ओर फायरिंग की। प्रॉक्टर कार्यालय की कार्रवाई से जोड़कर जताई आशंका फराज फारूक ने शिकायत में आशंका जताई है कि AMU में आपराधिक तत्वों की घुसपैठ रोकने के लिए प्रॉक्टर कार्यालय की ओर से की जा रही कार्रवाई में टीम का हिस्सा रहने के कारण उन्हें निशाना बनाया गया। उन्होंने अपनी और परिवार की सुरक्षा को खतरा बताया है। उन्होंने कहा कि घटना के सदमे के कारण तत्काल शिकायत नहीं कर सके। 9 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक (नगर) को संबोधित तहरीर देकर पुरानी चुंगी, फ्लाईओवर और आसपास के मार्गों की CCTV फुटेज सुरक्षित कराने, फायरिंग के साक्ष्य जुटाने, हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की। रविवार को सिविल लाइंस थाने में FIR दर्ज की गई है। हमलावरों की पहचान और घटना के पीछे की वजह पुलिस जांच में स्पष्ट होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User