सहारनपुर में दिनदहाड़े पुलिस की मुठभेड़:दुष्कर्म के आरोपी के पैर में लगी गोली, बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद
सहारनपुर में सरसावा थाना क्षेत्र में रविवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान दुष्कर्म के मुकदमे में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी की पहचान कृष्णाराम पुत्र सुमारु निवासी अमलोरी बस्ती, थाना नया नगर, जिला सिंगरौली (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में सरसावा रेलवे स्टेशन के पीछे एक खाली प्लॉट में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर को थाना सरसावा की मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीम चिलकाना रोड पर ग्राम इब्राहिमी कलरी जाने वाले रास्ते पर गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान इब्राहिमी कलरी की ओर से चिलकाना की तरफ आ रहा बाइक सवार पुलिस को देखकर घबरा गया। वह बाइक मोड़कर तेज गति से चीनी मिल के पास इब्राहिमी अंडरपास की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। कुछ दूर जाने के बाद बाइक फिसलने से वह सड़क पर गिर गया। पुलिसकर्मियों को पास आता देखकर आरोपी ने उन पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। तमंचा और कारतूस बरामद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .32 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, कृष्णाराम थाना सरसावा में दर्ज मुकदमे में फरार था। मुठभेड़ और बरामदगी के मामले में आरोपी के खिलाफ सरसावा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)