स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने में जुट जाएं अधिकारी:केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने की स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा, युवाओं में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता पर दिया जोर
आजमगढ़ में केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने सर्किट हाउस में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में संचालित प्रमुख स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने एचपीवी टीकाकरण, टेली-मानस, राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम, निक्षय मित्र अभियान और टेली-कंसल्टेशन सेवाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने तथा योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आलेन्द कुमार और डॉ. अविनाश झा उपस्थित रहे। एचपीवी टीकाकरण में लक्ष्य से अधिक उपलब्धि
समीक्षा के दौरान जनपद में एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल होने पर केंद्रीय राज्यमंत्री ने संतोष व्यक्त किया। 17 सितंबर तक जनपद में 59,829 टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित था, जिसके सापेक्ष 59,841 टीके लगाए गए। इसके बाद 541 अतिरिक्त टीकाकरण भी किए गए। मंत्री ने अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों में भी लक्ष्य के अनुरूप कार्ययोजना बनाने, नियमित निगरानी करने और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। युवाओं में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता पर जोर
अनुप्रिया पटेल ने टेली-मानस कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने युवाओं और स्कूली बच्चों में मानसिक तनाव, अवसाद तथा नशे की बढ़ती प्रवृत्ति की रोकथाम के लिए विद्यालयों और महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही जरूरतमंदों के लिए काउंसिलिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान कर उचित परामर्श एवं सहायता उपलब्ध कराने पर बल दिया। टीबी मरीजों को पोषण सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश
राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए मंत्री ने मलिन बस्तियों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में टीबी की सघन जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को उपचार के साथ पर्याप्त पोषण सहयोग भी मिलना चाहिए। इसके लिए टीबी मरीजों तक पोषण पोटली नियमित रूप से पहुंचाने और इसकी उपलब्धता का दायरा बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स के माध्यम से मरीजों को जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श उपलब्ध कराने की व्यवस्था को सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)