अंबेडकरनगर में बारिश से एथलेटिक्स प्रतियोगिता टली:मैदान में पानी भर गया, अब 14 से 16 अक्टूबर तक एकलव्य स्टेडियम में होगी
अम्बेडकरनगर में माध्यमिक विद्यालयों की जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता बारिश के चलते स्थगित कर दी गई है। सात से नौ अक्टूबर तक प्रस्तावित प्रतियोगिता अब संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 14, 15 और 16 अक्टूबर को एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होगी। प्रतियोगिता में जिले के सभी 10 जोन से बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक कौस्तुभ कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को हुई तेज बारिश के कारण एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम के मैदान में काफी पानी भर गया है। जलभराव की स्थिति में खिलाड़ियों की प्रतियोगिताएं कराना संभव नहीं था। खिलाड़ियों की सुरक्षा और प्रतियोगिता के सुचारु आयोजन को देखते हुए कार्यक्रम स्थगित करने का निर्णय लिया गया। मैदान से पानी निकालने और जलभराव कम करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में खिलाड़ी शामिल होंगे। ऐसे में मैदान की स्थिति सामान्य होने के साथ ही अन्य व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त किया जा रहा है। प्रतियोगिता के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 14 से 16 अक्टूबर तक विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाएं कराई जाएंगी। प्रतियोगिता के संयोजक जीआईसी अकबरपुर के प्रधानाचार्य हरेंद्र प्रताप यादव ने बताया कि डीआईओएस के निर्देश पर प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है। समितियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मैदान की स्थिति सामान्य होते ही प्रतियोगिता निर्धारित संशोधित तिथियों पर आयोजित कराई जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)