अनिल सोती हत्याकांड में एक और गिरफ्तारी:बिजनौर में करोड़ों की प्रॉपर्टी के मालिक की थी हत्या, घर की रेकी के लिए थे 50 हजार
बिजनौर में करोड़ों की प्रॉपर्टी के मालिक अनिल सोती हत्याकांड में पुलिस ने मंगलवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार किया। पकड़ा गया सोनू त्यागी बागपत के मारकपुर गांव का रहने वाला है। जांच के दौरान उसका नाम सामने आया था। पुलिस के मुताबिक, सोनू को अनिल के घर की रेकी करने के लिए 50 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी। पुलिस ने बताया कि हत्याकांड की साजिश में शामिल आरोपियों से पूछताछ के दौरान सोनू का नाम सामने आया। इससे पहले पुलिस चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब पुलिस सोनू से पूछताछ कर हत्या की साजिश और अन्य आरोपियों की भूमिका के बारे में जानकारी जुटा रही है। 7 अगस्त को दर्ज हुआ था हत्या का केस पुलिस के मुताबिक, 7 अगस्त को आलोक शर्मा ने गौरव सोती, प्रॉपर्टी डीलर शैलेंद्र खन्ना, सुनील खन्ना, नावेद और अज्ञात के खिलाफ अनिल कुमार की हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। विवेचना आगे बढ़ी तो निशा उर्फ अंजुम परवीन, अलीमुद्दीन, सुभाष, हीना, राजनारायण और सोनू त्यागी के नाम सामने आए। जांच के बाद मुकदमे में हत्या की साजिश से जुड़ी धाराएं भी बढ़ाई गईं। पुलिस अब सभी आरोपियों की भूमिका और आपसी कनेक्शन की पड़ताल कर रही है। चार आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके पुलिस ने 18 अगस्त को निशा उर्फ अंजुम परवीन, अलीमुद्दीन, सुभाष और हीना को गिरफ्तार किया था। चारों को जेल भेज दिया गया था। मंगलवार को पुलिस ने सोनू त्यागी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, हत्याकांड में सामने आए नामों में राजनारायण समेत अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। विवेचना में मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हत्या के लिए पांच लाख मिलने की बात कही पुलिस पूछताछ में सोनू ने बताया कि वह अंजुम परवीन उर्फ हीना/निशा को पहले से जानता था। सोनू के मुताबिक, अंजुम ने उसे आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए अनिल सोती की हत्या के लिए पांच लाख रुपये मिलने की बात बताई थी। इसी दौरान सोनू को अनिल के घर की रेकी करने के लिए 50 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रेकी के दौरान सोनू ने क्या जानकारी जुटाई और वह जानकारी हत्या की साजिश में किस तरह इस्तेमाल हुई। पुलिस जुटा रही साजिश की पूरी कड़ी सोनू की गिरफ्तारी के बाद पुलिस हत्याकांड की साजिश की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। पूछताछ में सामने आए तथ्यों का दूसरे आरोपियों से मिले बयानों और जांच में जुटाए गए साक्ष्यों से मिलान किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)