अंकित हत्याकांड में नया कनेक्शन आया सामने:रोहित के साथ था सुजल, मोहित-सुमित को हथियार और बाइक देने का आरोप

Oct 03, 2026 - 07:29
0
अंकित हत्याकांड में नया कनेक्शन आया सामने:रोहित के साथ था सुजल, मोहित-सुमित को हथियार और बाइक देने का आरोप
शामली में गायक अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में अब सोनीपत के सुजल का नाम सामने आया है। दो दिन पहले सोनीपत निवासी रोहित उर्फ लाडला की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को सुजल के कनेक्शन की जानकारी मिली है। पुलिस के मुताबिक, सुजल ने एनकाउंटर में मारे गए शूटर मोहित और सुमित को वारदात के लिए पिस्टल, तमंचे और बाइक उपलब्ध कराई थी। पुलिस अब सुजल की तलाश में सोनीपत समेत उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। रोहित के साथ मौजूद था सुजल पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सुजल की भूमिका से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। जिस समय रोहित उर्फ लाडला मौजूद था, उस दौरान सुजल भी उसके साथ था। जांच में यह भी पता चला है कि सुजल ने मोहित और सुमित को हत्या के लिए हथियार और बाइक उपलब्ध कराई थी। हालांकि, हथियार और बाइक की व्यवस्था किसके कहने पर और कहां से की गई थी, पुलिस इसकी जानकारी जुटा रही है। साथ ही रोहित और सुजल के बीच संबंध और हत्याकांड में दोनों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। 26 अगस्त को जिम से निकलते समय हुई थी हत्या अंकित बालियान की 26 अगस्त की शाम शामली कोतवाली क्षेत्र में नाला पटरी स्थित वर्मा मार्केट के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह जिम से निकलकर जा रहा था। पुलिस के मुताबिक हथियारबंद हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और कई टीमों को जांच में लगाया। इसके बाद पुलिस ने शूटरों तक पहुंचने के लिए कार्रवाई तेज की। एनकाउंटर में मारे गए थे मोहित-सुमित जांच के दौरान 31 अगस्त को पुलिस मुठभेड़ में मोहित और सुमित मारे गए थे। अब पुलिस की जांच इन दोनों तक हथियार और बाइक पहुंचाने वाले नेटवर्क तक पहुंच रही है। इसी कड़ी में सुजल का नाम सामने आने की बात पुलिस कह रही है। रोहित के बाद अब सुजल की तलाश दो दिन पहले पुलिस ने सोनीपत निवासी रोहित उर्फ लाडला को गिरफ्तार किया था। अब पुलिस रोहित और सुजल के बीच कनेक्शन की भी पड़ताल कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों की भूमिका केवल हथियार और वाहन उपलब्ध कराने तक थी या हत्या की साजिश और उसकी तैयारी में भी उनकी कोई अन्य भूमिका थी। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सुजल की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सुजल की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में हत्या की साजिश, हथियारों की व्यवस्था और आरोपियों के बीच संपर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User