अर्नब चक्रवात से अयोध्या में नुकसान, मंत्री ने की समीक्षा:प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही रविवार को अयोध्या पहुंचे,राहत और सहायता जल्द पहुंचाने के निर्देश

Sep 27, 2026 - 17:14
0
अर्नब चक्रवात से अयोध्या में नुकसान, मंत्री ने की समीक्षा:प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही रविवार को अयोध्या पहुंचे,राहत और सहायता जल्द पहुंचाने के निर्देश
अर्नब चक्रवात के प्रभाव से अयोध्या में हुई भारी बारिश और तेज हवाओं से जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रदेश के कृषि मंत्री एवं अयोध्या के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही रविवार को अयोध्या पहुंचे और चक्रवात से हुए नुकसान की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों तक राहत और सहायता जल्द पहुंचाने के निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार, तेज बारिश और हवाओं के कारण जिले में चार लोगों की मौत हुई है। मृतकों के उत्तराधिकारियों को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। तीन मृतकों के परिजनों के बैंक खातों में 24 घंटे के भीतर चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि भेजी जा रही है। प्रभारी मंत्री ने रुदौली तहसील के मवई क्षेत्र में पहुंचकर दो पीड़ित परिवारों को स्वयं राहत राशि के चेक सौंपे। वहीं सदर तहसील के एक पीड़ित परिवार को सर्किट हाउस में सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। मिल्कीपुर क्षेत्र के पीड़ित परिवार को विधायक के माध्यम से राहत राशि का चेक उपलब्ध कराया जाएगा। चक्रवात के दौरान जिले के 37 विद्युत सब-स्टेशन प्रभावित हुए थे। इनमें से 33 को दोबारा चालू कर दिया गया है। मंत्री ने खराब ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदलने और विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को पूरी तरह सामान्य करने के निर्देश दिए। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ था। प्रशासन ने पेड़ों को हटाकर आवागमन बहाल कर दिया है। जिलाधिकारी ने प्रभावित क्षेत्रों का मौके पर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। घाघरा नदी में तीन से चार लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने की संभावना को देखते हुए बंधों की लगातार पेट्रोलिंग और बाढ़ चौकियों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। बारिश से करीब 70 मकानों के गिरने की जानकारी सामने आई है। प्रशासन द्वारा सर्वे कराया जा रहा है। प्रभावित लोगों के लिए नगर क्षेत्र में करीब 500 लोगों की क्षमता वाला आश्रय स्थल तैयार करने की भी तैयारी की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User