टेबल टेनिस प्रतियोगिता में गोरखपुर चैंपियन:प्रयागराज को फाइनल में हराया, एमजी इंटर कॉलेज छात्र चमके
गोरखपुर में 70वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयी अंडर-19 बालक वर्ग टेबल टेनिस प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में गोरखपुर मंडल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रयागराज मंडल की टीम को 3-2 से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। बरेली के डोरी लाल अग्रवाल स्टेडियम में 23 से 26 सितंबर तक आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता में गोरखपुर मंडल की टीम के प्रशिक्षक संजय कुमार शर्मा के नेतृत्व में यह उपलब्धि हासिल की गई। एमजी इण्टर कॉलेज, गोरखपुर के कक्षा 11 के छात्र कृष्णा, अखिल और करन निषाद की तिकड़ी ने अपने शानदार खेल के दम पर यह कारनामा किया। टीम में दो खिलाड़ी स्थानापन्न के रूप में अंकित और करन भारती रहे। इस प्रतियोगिता में पूरे प्रदेश से 16 मंडल की टीमों ने प्रतिभाग किया। गोरखपुर मंडल की टीम ने अपने पहले प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मिर्जापुर मंडल की टीम को 3-0 से शिकस्त दी। क्वार्टर फाइनल में आगरा मंडल की टीम को भी गोरखपुर ने 3-0 से पराजित किया। सेमीफाइनल में मेरठ की टीम को भी 3-0 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में गोरखपुर के खिलाड़ियों के मनोबल और जज्बे के आगे प्रयागराज के खिलाड़ी पस्त हो गए। इस तरह गोरखपुर के खिलाड़ियों ने प्रयागराज को 3-2 से पराजित करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। संयुक्त शिक्षा निदेशक सप्तम मंडल सतीश सिंह ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत खिलाड़ियों के परिश्रम, मेहनत और समर्पण का परिणाम है। जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत कुमार सिंह, एमजी इंटर कॉलेज के प्रबंधक मंकेश्वर नाथ पाण्डेय, प्रधानाचार्य डॉक्टर नीरज कुमार श्रीवास्तव, डायरेक्टर ओपी सिंह, मण्डलीय क्रीड़ा सचिव डॉ अरुणेंद्र राय, शारीरिक शिक्षक विवेकानंद मिश्र, संतोष सिंह, अभय प्रताप सिंह, सुशील त्रिपाठी, आलोक श्रीवास्तव, अमरुद्दीन अंसारी, शक्ति पांडे, जयप्रकाश यादव आदि ने खिलाड़ियों को बधाई दी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)