अस्पताल से लौट रही महिला को ट्रक ने कुचला:कानपुर में टक्कर मारकर ड्राइवर फरार, तलाश में निकले पति ने थाने में फोटो देखकर पहचाना
कानपुर के कल्याणपुर में बुधवार देर रात अस्पताल से घर लौट रही महिला को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक समेत फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस महिला को सीएचसी ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रात में महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी। उधर, महिला के देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन उसकी तलाश में जुटे रहे। काफी खोजबीन के बाद भी पता नहीं चलने पर परिजन कल्याणपुर थाने पहुंचे। पुलिस ने जब उन्हें मृत महिला की फोटो दिखाई, तो पति ने अपनी पत्नी पूर्णिमा सिंह (45) के रूप में उसकी पहचान की। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गुरुवार को पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भाभी को अस्पताल में खाना देने गई थीं पूर्णिमा कल्याणपुर थाना क्षेत्र के पुराना शिवली रोड निवासी अमित सिंह सेना में तैनात थे। करीब दस दिन पहले ही वह सेना से रिटायर हुए थे। परिवार में पत्नी पूर्णिमा सिंह, बेटी आदि सिंह तोमर और मां रानी सिंह हैं। अमित सिंह ने बताया कि उनकी भाभी बीमारी के चलते एसपीएम अस्पताल में भर्ती हैं। बुधवार शाम करीब सात बजे पूर्णिमा उन्हें खाना देने अस्पताल गई थीं। इसके बाद रात करीब साढ़े दस बजे वह घर लौट रही थीं। इंद्रानगर कट के पास ट्रक ने रौंदा पूर्णिमा कल्याणपुर के इंद्रानगर कट के पास सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी और कुचलते हुए निकल गया। हादसे में पूर्णिमा गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। राहगीरों ने हादसा देखकर डायल 112 पर सूचना दी। जानकारी मिलते ही कल्याणपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को तत्काल सीएचसी ले गई। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों ने शुरू की तलाश दूसरी ओर, पूर्णिमा के देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन परेशान हो गए। उन्होंने अपने स्तर से उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद परिजन कल्याणपुर थाने पहुंचे। पुलिस ने हादसे में जान गंवाने वाली महिला की फोटो दिखाई तो अमित सिंह ने अपनी पत्नी पूर्णिमा के रूप में उनकी शिनाख्त की। पत्नी की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सीसीटीवी फुटेज से ट्रक चालक की तलाश
कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से ट्रक और उसके चालक की तलाश कराई जाएगी। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)