अतीक के फाइनेंसर खालिद-जफर की अवैध ज़मीन पर चला बुलडोजर:PDA की 1500 वर्गमीटर जमीन पर बनी 2 दुकानें गिराईं, विरोध के बीच कार्रवाई पूरी

Oct 02, 2026 - 15:17
0
अतीक के फाइनेंसर खालिद-जफर की अवैध ज़मीन पर चला बुलडोजर:PDA की 1500 वर्गमीटर जमीन पर बनी 2 दुकानें गिराईं, विरोध के बीच कार्रवाई पूरी
प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के फाइनेंसर और उसके गैंग आईएस-227 के सक्रिय सदस्य खालिद जफर की अवैध संपत्ति पर शुक्रवार को प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने बुलडोजर चलाया। कालिंदीपुरम में पीडीए की जमीन पर कब्जा कर बनाई गई खालिद जफर की दो दुकानों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया। इसे लेकर मौके पर अधिकारियों और विरोध कर रहे लोगों के बीच तीखी बहस भी हुई। हालांकि, विरोध के बाद भी पीडीए ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी की। पीडीए के जोनल अधिकारी सूरज पटेल के मुताबिक, कालिंदीपुरम में प्राधिकरण की करीब 1500 वर्ग मीटर बेशकीमती जमीन है। इस जमीन पर अवैध कब्जा कर खालिद जफर, नौशाद और हामिद ने कुल 16 दुकानें बनवाई थीं। इनमें से 14 दुकानों को लेकर मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट में विचाराधीन है। वहीं, खालिद जफर की दो दुकानों के संबंध में कोई मामला अदालत में लंबित नहीं है। इसी आधार पर पीडीए ने ध्वस्तीकरण का नोटिस जारी करने के बाद कार्रवाई की। खालिद जफर और उसका भाई माज इसी इमारत में हिमालया प्रॉपर्टी के नाम से कार्यालय चलाते थे। वर्ष 2017 में पीडीए ने इस कार्यालय को सील भी किया था। अब प्राधिकरण ने अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खालिद जफर के कब्जे वाली दोनों दुकानों को ध्वस्त कर दिया। खालिद जफर माफिया अतीक अहमद की बहन का दामाद भी है। उसे अतीक के गैंग आईएस-227 का सक्रिय सदस्य बताया जाता है। इसी वजह से इस कार्रवाई को लेकर इलाके में चर्चा रही। ध्वस्तीकरण के दौरान मौके पर जोनल अधिकारी सूरज पटेल, एसडीएम सदर अंकित वर्मा और एसीपी धूमनगंज रवि गुप्ता मौजूद रहे। सुरक्षा के मद्देनजर धूमनगंज और पूरा मुफ्ती थाने की पुलिस भी तैनात रही। अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी से दोनों दुकानों को गिराया गया। वहीं, बाकी 14 दुकानों के मामले में हाईकोर्ट में सुनवाई लंबित होने के कारण फिलहाल उन पर कार्रवाई नहीं की गई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User