अटलपुरम की धीमी गति पर एडीए उपाध्यक्ष ने जताई नाराजगी:अधिकारियों की टीम के साथ किया निरीक्षण, योजना की जानकारी ली
आगरा में मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नए शहर प्रोत्साहन योजना के तहत विकसित हो रही ग्रेटर आगरा योजना और ग्राम ककुआ-भांडई स्थित अटलपुरम टाउनशिप का गुरुवार को नये उपाध्यक्ष विजय कुमार ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और योजनाओं के सुनियोजित विकास को लेकर अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को दिशा-निर्देश दिए। अटलपुरम में विकास कार्यों की अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। ग्रेटर आगरा में 45 मीटर सड़क का निरीक्षण
रायपुर-रहनकला में विकसित की जा रही ग्रेटर आगरा योजना में तीन भागों में बन रहे 45 मीटर महायोजना मार्ग का निरीक्षण किया गया। मौके पर निर्माण कार्य चलता मिला। उपाध्यक्ष ने आरसीसी कार्यों की नियमित रूप से मानकों के अनुरूप क्यूरिंग कराने और निर्माण की समयसीमा प्रदर्शित करने के लिए सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। सैंपलिंग कराने के निर्देश
पीएमसी द्वारा निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांच के लिए लिए जाने वाले सभी सैंपल संबंधित अवर अभियंता या सहायक अभियंता की मौजूदगी में लेने को कहा गया। उन्होंने ग्रेटर आगरा योजना में प्रस्तावित हरित क्षेत्र को प्राथमिकता से विकसित कराने के साथ पौधारोपण के नियमित निरीक्षण और अनुरक्षण के निर्देश भी दिए। आकर्षित करने के लिए बनेगा मॉडल पॉकेट
योजना के सुनियोजित विकास को प्रदर्शित करने के लिए कम से कम एक मॉडल पॉकेट विकसित करने को कहा गया। मुख्य अभियंता को प्रस्तावित ग्रुप हाउसिंग भूखंडों की बिक्री के लिए सुविचारित प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। अटलपुरम में काम की रफ्तार पर जताई नाराजगी
ककुआ-भांडई स्थित अटलपुरम टाउनशिप का निरीक्षण करते हुए उपाध्यक्ष ने ईपीसी एजेंसी की कार्यप्रगति की समीक्षा की। अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने अप्रसन्नता जताई और विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही काम को निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने को कहा। हर निरीक्षण की फोटो ग्रुप पर डालने के निर्देश
अवर और सहायक अभियंताओं को टाउनशिप का नियमित निरीक्षण करने तथा कार्य में मिलने वाली कमियों की फोटो के साथ संक्षिप्त टिप्पणी संबंधित व्हाट्सएप ग्रुप में पोस्ट करने के निर्देश दिए गए। सिंचाई विभाग की नहर वाले हिस्से की गहराई बढ़ाने और निर्धारित चौड़ाई सुनिश्चित करने के लिए ईपीसी एजेंसी को भी निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान सचिव, मुख्य अभियंता, अधिशासी अभियंता, सहायक व अवर अभियंता, कंसलटेंट, कार्यदायी फर्म और ईपीसी एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)