अवध यूनिवर्सिटी में बैड टच की जांच रिटायर्ड जज करेंगे:छात्राओं की शिकायत पर निलंबित हैं प्रो. विनोद श्रीवास्तव; तीन महीने में देनी होगी रिपोर्ट
डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में छात्राओं की ओर से लगाए गए बैड टच के आरोपों की जांच अब रिटायर्ड जज की अध्यक्षता वाली कमेटी करेगी। निष्पक्ष जांच के लिए कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है। कमेटी को तीन महीने में अपनी रिपोर्ट सौंपनी होगी। जांच में छात्राओं की शिकायतों और उनसे जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी। आरोप अर्थशास्त्र एवं ग्रामीण विकास विभाग से जुड़े निलंबित प्रोफेसर विनोद श्रीवास्तव पर लगे हैं। शिकायत करने वाली छात्राएं फाइन आर्ट्स विभाग की हैं। बताया जा रहा है कि प्रोफेसर पहले फाइन आर्ट्स विभाग के समन्वयक भी रह चुके हैं। कथित घटना इसी विभाग में होने की बात सामने आई है। इंटरनल कमेटी की रिपोर्ट पर हुई थी कार्रवाई छात्राओं की शिकायतों के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने पहले आंतरिक जांच कमेटी गठित की थी। कमेटी ने प्रोफेसर को बुलाकर आरोपों से अवगत कराया और उनका लिखित पक्ष लिया था। इस कमेटी में महिला प्रोफेसर भी शामिल थीं। आंतरिक जांच रिपोर्ट आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रोफेसर को निलंबित कर दिया था। साथ ही उन्हें एमबीए संकाय से संबद्ध कर दिया गया था। अब मामले की आगे जांच के लिए नई कमेटी बनाई गई है। प्रोफेसर बोले- मुझे साजिश के तहत फंसाया जा रहा निलंबित प्रोफेसर विनोद श्रीवास्तव ने अपने ऊपर लगे आरोपों को साजिश बताया है। उनका कहना है कि उनकी जानकारी में एक पूर्व छात्रा ने विश्वविद्यालय प्रशासन के कुछ अधिकारियों को ई-मेल किया है। इसमें कथित तौर पर आरोप लगाया गया है कि कुछ शिक्षक उस पर प्रोफेसर के खिलाफ शिकायत करने का दबाव बना रहे हैं। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। तथ्यों की पड़ताल के बाद होगी कार्रवाई विश्वविद्यालय के कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने बताया कि मामले में पहले आंतरिक कमेटी बनाकर त्वरित कार्रवाई की गई थी। अब तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। इसमें रिटायर्ड जज अनिरुद्ध सिंह और विश्वविद्यालय की प्रोफेसर तुहिना वर्मा शामिल हैं। कमेटी में बाहरी सदस्यों को भी शामिल किया गया है, ताकि जांच निष्पक्ष तरीके से हो सके। जांच के निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)