अवधि सिंगर संजय यदुवंशी समेत 10 नामजद-250 पर केस:सुल्तानपुर में प्रदर्शन में तोड़फोड़, जाम और भड़काऊ भाषण के आरोप, पुलिस की तहरीर पर FIR

Oct 11, 2026 - 13:01
0
अवधि सिंगर संजय यदुवंशी समेत 10 नामजद-250 पर केस:सुल्तानपुर में प्रदर्शन में तोड़फोड़, जाम और भड़काऊ भाषण के आरोप, पुलिस की तहरीर पर FIR
सुल्तानपुर में अवधि गायक और यूट्यूबर संजय यदुवंशी की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। शनिवार शाम पुलिस की तहरीर पर संजय समेत 10 नामजद और करीब 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ कोतवाली नगर में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। यह प्रदर्शन से जुड़ा चौथा मुकदमा है। इससे पहले शुक्रवार को तीन अलग-अलग मामलों में केस दर्ज किए गए थे। पुलिस अब पुलिसकर्मियों के बयान, वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। सीताकुंड चौकी इंचार्ज सुनील कुमार की तहरीर के मुताबिक, कोतवाली नगर में पहले से दर्ज मुकदमे में कार्रवाई के लिए प्रशासन पर दबाव बनाने के उद्देश्य से संजय यदुवंशी और उसके सहयोगियों ने सोशल मीडिया के जरिए आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोगों को बुलाया था। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान संजय मंच पर चढ़कर लगातार भड़काऊ भाषण देता रहा। उसने अश्लील टिप्पणियां करने के साथ पुलिस प्रशासन के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। तहरीर में कहा गया है कि प्रदर्शन के दौरान भीड़ में मारपीट और पथराव हुआ। तिकोनिया पार्क की दीवार और गेट गिराने की घटना भी हुई, जिसमें कुछ लोगों के दबने और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा होने का आरोप है। पांच प्रमुख चौराहों पर जाम, एम्बुलेंस और स्कूली बसें फंसीं पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने शाहगंज चौराहा, डाकखाना चौराहा, कुड़वारनाका, रोडवेज और आजाद पार्क चौक पर गाड़ियों के काफिले के साथ रास्ता रोक दिया। इससे स्कूली बसों, एम्बुलेंस और जरूरी सेवाओं के आवागमन में बाधा आई। कलेक्ट्रेट के दैनिक कामकाज पर भी असर पड़ने का आरोप है। एफआईआर के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने पहले से दर्ज मुकदमों को तत्काल खत्म करने की मांग की। मांगें पूरी नहीं होने पर विधानसभा का घेराव करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। इन 10 लोगों को किया गया नामजद पुलिस की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में संजय यदुवंशी निवासी ऊघरपुर अहिरन का पुरवा, थाना धम्मौर; मो. शरीफ निवासी नौगवां रायतसी, असरोगा; विवेक कुमार निवासी सुरेश नगर, बरासिन; सचिन कुमार निवासी हरखी, दौलतपुर; अंबुज यादव निवासी जमुनीपुर, मेढ़ौलीकला, रानीगंज, प्रतापगढ़; प्रदीप यादव निवासी बभनगवा, रूपपुर; रामजीत यादव निवासी लाला का पुरवा; मो. सलीम खान निवासी केएनआईटी, कोतवाली नगर; राहुल यादव निवासी मझवारा टोला, थाना जलालपुर, जौनपुर; और शेषनाथ यादव निवासी कुरौता, थाना कैंट, वाराणसी को नामजद किया गया है। इनके अलावा करीब 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। जानलेवा हमले के मामले से शुरू हुआ विवाद दरअसल, कोतवाली नगर क्षेत्र के तुराबखानी निवासी खान बाबा पर सितंबर में जानलेवा हमला हुआ था। इस मामले में कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद सोमवार रात धम्मौर पुलिस ने संजय यदुवंशी के घर दबिश दी थी। इस दौरान पुलिस पर दीवार फांदकर घर में घुसने और परिजनों से गाली-गलौज करने के आरोप लगे थे। मंगलवार को इस घटना का वीडियो सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया। गुरुवार को संजय ने इसी मामले में अंतरिम जमानत ली। उसे 13 अक्टूबर को कोर्ट में पेश होना है। इसके बाद शुक्रवार को उसने पुलिस कार्रवाई के विरोध में शहर के तिकोनिया पार्क में करीब पांच घंटे प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कई जिलों से हजारों लोगों के जुटने का दावा किया गया। इस दौरान अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को चार सूत्रीय मांगपत्र सौंपा गया था। पहले तीन मुकदमों में भी गंभीर आरोप पहला मामला: पार्क में तोड़फोड़ और ढाई लाख के नुकसान का आरोप नगर पालिका परिषद के तिकोनिया पार्क प्रभारी सुशील कुमार श्रीवास्तव की तहरीर पर दर्ज पहले मुकदमे में पार्क की बाउंड्रीवाल, स्वामी विवेकानंद पार्क के स्टेनलेस स्टील गेट और बाउंड्री, लोहे की जाली व रेलिंग को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया। नगर पालिका के आकलन के मुताबिक, सार्वजनिक संपत्ति को करीब 2.5 लाख रुपये का नुकसान हुआ। इस मामले में संजय यदुवंशी समेत 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। दूसरा मामला: आंबेडकर की तस्वीर फाड़ने का आरोप शहर के करौदिया निवासी सुभाष सोनकर की तहरीर पर दर्ज दूसरे मुकदमे में संजय यदुवंशी, अंबुज यादव, शहजहान पठान और अनिल समेत अन्य लोगों पर आरोप लगाए गए। शिकायतकर्ता के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर फाड़कर हवा में उछाली गई, सड़क पर फेंकी गई और पैरों से कुचली गई। इससे अनुसूचित जाति समाज की भावनाएं आहत होने का आरोप है। पुलिस ने इस मामले में एससी-एसटी एक्ट के तहत भी कार्रवाई की है। तीसरा मामला: प्रतिमाओं पर चढ़ने और परिसर में तोड़फोड़ की शिकायत भारत विकास परिषद के अध्यक्ष एडवोकेट अभय शर्मा की तहरीर पर तीसरा मुकदमा दर्ज हुआ। शिकायत में आरोप लगाया गया कि बिना प्रशासनिक अनुमति सैकड़ों समर्थक तिकोनिया पार्क में जुटे। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोग स्वामी विवेकानंद और भारत रत्न राजीव गांधी की प्रतिमाओं पर चढ़ गए और परिसर में तोड़फोड़ की। पार्क में लगे धार्मिक चिह्नों, गेट और रेलिंग को नुकसान पहुंचाने, आंबेडकर की तस्वीर फाड़ने और नारेबाजी के आरोप भी लगाए गए। शिकायत के मुताबिक, पार्क के बाहर मुख्य सड़क पर जाम लगने से आम लोगों और स्कूली बच्चों को परेशानी हुई। इस मामले में संजय यदुवंशी समेत 12 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User