अयोध्या धाम स्टेशन से लापता बच्ची की तलाश जारी:6 टीमें तलाश में जुटीं, 1600 से ज्यादा कैमरों की फुटेज खंगाली

Oct 03, 2026 - 13:14
0
अयोध्या धाम स्टेशन से लापता बच्ची की तलाश जारी:6 टीमें तलाश में जुटीं, 1600 से ज्यादा कैमरों की फुटेज खंगाली
अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन से 25 सितंबर की शाम लापता हुई 6 साल की बच्ची दिव्या का 8 दिन बाद भी पता नहीं चल सका है। बारिश के कारण परिवार स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में रुका था। इसी दौरान शाम करीब 7 बजे बच्ची अचानक गायब हो गई। परिजनों की शिकायत पर जीआरपी अयोध्या कैंट ने केस दर्ज किया है। छह टीमें तलाश में जुटीं बच्ची की तलाश के लिए जीआरपी ने छह टीमें बनाई हैं। पुलिस अयोध्या के साथ बस्ती, गोंडा, बहराइच और बलरामपुर में भी तलाश कर रही है। इसके अलावा बिहार और हिमाचल प्रदेश तक पुलिस टीमें भेजी गई हैं। रेलवे स्टेशन की सीसीटीवी में दिखाई दे रहा है कि एक युवक बच्ची को गोद में लिए खड़ा है। बच्ची हाथ में टिफिन बॉक्स लिए हुए है। इस दौरान टिफिन बॉक्स जमीन में गिर जाता है, इसके बाद वह बच्ची को नीचे उतराता है, बच्ची टिफिन लेकर दोबारा उसकी गोदी में चली जाती है। इसके बाद युवक उसके लेकर बाहर निकल जाता है। पुलिस इसी फुटेज के आधार पर बच्ची की तलाश कर रही है। जीआरपी अयोध्या कैंट प्रभारी अनिल प्रकाश सिंह ने बताया कि बच्ची की तलाश लगातार जारी है। संभावित रास्तों और आसपास के इलाकों की भी जांच की जा रही है। 1600 से ज्यादा कैमरों की फुटेज देखी पुलिस ने बच्ची की तलाश में अब तक 1600 से ज्यादा कैमरों की फुटेज खंगाली है। स्टेशन और आसपास के क्षेत्र में लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को भी देखा गया है। पुलिस ने 100 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की है। इसके अलावा पुलिस सोशल मीडिया और समाचार पत्रों के माध्यम से भी बच्ची की जानकारी प्रसारित कर रही है। नया घाट से परिवार आया था स्टेशन जीआरपी चौकी प्रभारी जयंत दुबे के अनुसार, परिवार के कुछ लोग नया घाट में अस्थायी रूप से रहते हैं। 25 सितंबर को बारिश से बचने के लिए वे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में रुके थे। इसी दौरान बच्ची गायब हो गई। परिजनों के मुताबिक बच्ची का नाम दिव्या है। वह बस्ती जिले के खंडौली क्षेत्र की रहने वाली है। बच्ची ने लाल रंग की फ्रॉक पहन रखी थी। उसका रंग गोरा और शरीर इकहरा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बच्ची के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी थाना या जीआरपी को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि बच्ची की तलाश के लिए सभी संभावित स्थानों और रास्तों की जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User