रियल एस्टेट कारोबारी का घर में बिस्तर पर मिला शव:सोनभद्र में गले पर निशान; बेटों से बोला था- कारोबारी दोस्त आए हैं, मंदिर में ही सो जाओ
सोनभद्र के घोरावल नगर में शनिवार सुबह रियल एस्टेट कारोबारी ओमप्रकाश भारद्वाज (62) का शव उनके घर में बिस्तर पर मिला। उनके गले पर निशान पाए गए हैं। इससे गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वाराणसी निवासी ओमप्रकाश भारद्वाज मुंबई में फ्लैट का कारोबार करते थे। पिछले करीब छह साल से वह घोरावल में रियल एस्टेट का काम कर रहे थे। उनकी पत्नी और बेटी मुंबई में रहती हैं। जिस मकान में उनका शव मिला, उसी परिसर में सोनांचल पब्लिक स्कूल भी संचालित होता है। बेटों से कहा- कारोबारी दोस्त आए हैं, मंदिर में ही सो जाओ ओमप्रकाश के बेटे विकास और आकाश शुक्रवार शाम मंदिर गए थे। रात में दोनों पिता के लिए खाना लेकर घर पहुंचे। बताया गया कि ओमप्रकाश ने बेटों से कहा कि उनके कारोबारी दोस्त आए हुए हैं, इसलिए दोनों मंदिर में ही सो जाएं। शनिवार सुबह दोनों बेटे वापस लौटे। उन्होंने पिता को फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दोनों पीछे के रास्ते से घर में दाखिल हुए। अंदर बिस्तर पर पिता का शव देखकर उन्होंने शोर मचाया और परिजनों को सूचना दी। CCTV और बिजली बंद मिलने का आरोप परिजनों ने आरोप लगाया कि रात के समय स्कूल का सीसीटीवी और बिजली बंद थी। परिवार की ओर से मोबाइल से कॉल डिटेल डिलीट किए जाने की बात भी कही गई है। घटनास्थल से खून लगा कपड़ा और रस्सी के टुकड़े मिलने की बात सामने आई है। सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह, कस्बा चौकी प्रभारी उदय नारायण कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक जांच टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मृतक के बेटे विकास ने हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों की गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद दोपहर करीब 12 बजे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के मर्चरी हाउस भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति होगी स्पष्ट कस्बा चौकी प्रभारी उदय नारायण कुशवाहा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)