अयोध्या के दो डायग्नोस्टिक सेंटरों की जांच के आदेश:भाजपा के पूर्व विधायक की शिकायत पर डीएम ने गठित की जांच कमेटी

Oct 15, 2026 - 13:59
0
अयोध्या के दो डायग्नोस्टिक सेंटरों की जांच के आदेश:भाजपा के पूर्व विधायक की शिकायत पर डीएम ने गठित की जांच कमेटी
अयोध्या जिले के चंदन और सिंह डायग्नोस्टिक सेंटरों की जांच के आदेश दिए गए हैं। मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा के पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा की शिकायत पर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कार्रवाई करते हुए एडीएम सिटी और मुख्य चिकित्साधिकारी को संयुक्त रूप से जांच कर 10 दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। शिकायत में दोनों सेंटरों की अल्ट्रासाउंड जांच रिपोर्ट पर सवाल उठाए गए हैं। शिकायत के अनुसार, इनायतनगर थाना क्षेत्र के कदनपुर निवासी अभिषेक तिवारी ने अपने बड़े भाई अखिलेश तिवारी के पेट में दर्द होने पर डॉक्टर की सलाह से 17 अगस्त 2026 को चंदन डायग्नोस्टिक सेंटर में अल्ट्रासाउंड कराया था। रिपोर्ट में पित्ताशय में 8.8 मिलीमीटर की पथरी होने की पुष्टि हुई थी। इसके आधार पर ऑपरेशन कराने के लिए भाई को अस्पताल में भर्ती कराया गया। ऑपरेशन से पहले डॉक्टर ने दोबारा अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी। 22 अगस्त को गर्ग डायग्नोस्टिक सेंटर में जांच कराई गई तो रिपोर्ट में पथरी नहीं मिली। इसके बाद 6 सितंबर को सिंह डायग्नोस्टिक सेंटर में अल्ट्रासाउंड कराया गया, जहां पित्ताशय में आठ मिलीमीटर की पथरी होने की पुष्टि की गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक, डॉक्टर की सलाह पर 9 सितंबर को सत्यम डायग्नोस्टिक सेंटर, वजीरगंज में जांच कराई गई। यहां की रिपोर्ट में भी पथरी नहीं मिली। इसके बाद 13 सितंबर को लखनऊ के स्वास्तिका डायग्नोस्टिक सेंटर में अल्ट्रासाउंड कराया गया, जहां पित्ताशय में पथरी नहीं होने की रिपोर्ट मिली। अभिषेक तिवारी ने आरोप लगाया कि अलग-अलग केंद्रों की विरोधाभासी रिपोर्टों के कारण उनका परिवार करीब एक महीने तक परेशान रहा। इस दौरान आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा और मानसिक परेशानी से गुजरना पड़ा। उन्होंने आशंका जताई कि गलत रिपोर्टों से अन्य मरीज भी प्रभावित हो सकते हैं। पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा ने पांच अक्टूबर को इस मामले की शिकायत की थी। अब जिलाधिकारी के निर्देश पर संयुक्त कमेटी जांच करेगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User