अयोध्या की तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस:सरकारी सीलिंग की जमीन पर कब्जे का मामला उठा, शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं

Oct 17, 2026 - 13:42
0
अयोध्या की तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस:सरकारी सीलिंग की जमीन पर कब्जे का मामला उठा, शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं
अयोध्या जिले की सभी तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। निर्धारित रोस्टर के अनुसार नामित अधिकारियों ने तहसीलों में पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान सबसे अधिक मामले राजस्व और खाद्य एवं रसद विभाग से जुड़े रहे। पुलिस और बिजली विभाग से संबंधित शिकायतें भी आईं। सोहावल तहसील में मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह और प्रशिक्षु एसडीएम आदित्य विक्रम अग्रवाल ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। रुदौली तहसील सभागार में भी अधिकारियों ने शिकायतों की सुनवाई की। मिल्कीपुर तहसील में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अमित कुमार, एसडीएम पवन कुमार शर्मा और क्षेत्राधिकारी पीयूष पाल ने सुनवाई की। 64 बार शिकायत, फिर भी नहीं हटा कब्जा मिल्कीपुर तहसील में कुमारगंज थाना क्षेत्र के तेंधा गांव निवासी मोहनलाल गुप्ता ने पालपुर गांव में गाटा संख्या 1272 की सरकारी सीलिंग भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की। आरोप है कि वर्ष 2021 से अब तक वह 64 बार प्रार्थना पत्र दे चुके हैं। कई बार जिला स्तरीय अधिकारियों ने कब्जा हटवाने के आदेश भी दिए, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। मतदाता सूची और स्वास्थ्य केंद्र की शिकायत गोयड़ी गांव निवासी अनुराग सिंह ने ग्राम पंचायत की मतदाता सूची में कम आयु और शादीशुदा लोगों के नाम दर्ज होने की शिकायत की। एसडीएम ने जांच का आश्वासन दिया। परसपुर सथरा निवासी दूधनाथ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैरिंग्टनगंज में एलसीडी गायब, सीसीटीवी बंद, शौचालय बंद और पानी की टंकी गायब होने की शिकायत की। निमाड़ी गांव निवासी राकेश कुमार ने पिता रामदेव का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी न होने की शिकायत की। बताया कि ग्राम पंचायत अधिकारी की रिपोर्ट 22 सितंबर 2026 को एसडीएम को भेजी गई थी, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हुई। एसडीएम ने बीडीओ को जांच कर प्रमाण पत्र जारी कराने का निर्देश दिया। इस बार समाधान दिवस में फरियादियों की संख्या कम रही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User