अयोध्या में आज दुर्गा प्रतिमा विसर्जन, 132 प्रतिमाएं निकलेंगी:GIC ग्राउंड से सुबह 11 बजे शुरू होगा विसर्जन; 6 जोन और 16 सेक्टरों में बंटा क्षेत्र
अयोध्या में दुर्गा पूजा मेले का आज अंतिम दिन है। प्रतिमा विसर्जन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर के GIC ग्राउंड में करीब 132 दुर्गा प्रतिमाएं एकत्र होंगी। यहां से सुबह 11 बजे विसर्जन की प्रक्रिया शुरू होगी। प्रतिमाएं अपने पारंपरिक मार्ग चौक और रिकाबगंज होते हुए निर्मली कुंड पहुंचेंगी। विसर्जन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरे क्षेत्र को 6 जोन और 16 सेक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक जोन में राजपत्रित अधिकारी की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस, पीएसी और आरएएफ के जवानों को लगाया गया है। नदी और विसर्जन स्थल पर गोताखोर भी तैनात रहेंगे। 55 गलियों में बैरिकेडिंग, वाहनों की आवाजाही पर रोक विसर्जन मार्ग की 55 गलियों में बैरिकेडिंग की गई है। मकबरा चौराहा, फतेहगंज और नाका क्षेत्र में दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। बाहरी वाहनों की एंट्री भी प्रतिबंधित रहेगी। इससे विसर्जन मार्ग पर भीड़ और यातायात का दबाव कम रखने की तैयारी है। शराब की दुकानों पर भी रहेगी निगरानी प्रशासन ने शराब की दुकानों और उनके आसपास भी निगरानी बढ़ाई है। पुलिस सख्ती से चेकिंग करेगी। दुर्गंध मिलने पर संबंधित लोगों को चेतावनी देने के साथ लिखित माफीनामा भी लिया जाएगा। डीजे की आवाज पर भी नियंत्रण शहर में करीब 60 और कैंट क्षेत्र में 46 डीजे लगाए गए हैं। आयोजकों को साउंड बॉक्स की संख्या 6 से 7 तक सीमित रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का जोर विसर्जन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों को परेशानी से बचाने पर है। अयोध्या के सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सहित सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निर्धारित मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)