अयोध्या में अंबेडकर प्रतिमा खंडित:प्रशासन ने तत्काल नई मूर्ति स्थापित कराई, पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी
अयोध्या जिले के इनायतनगर थाना क्षेत्र के अलीपुर खजूरी गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा खंडित मिलने से हड़कंप मच गया। सुबह गांव के एक व्यक्ति की नजर जब प्रतिमा पर पड़ी तो वह क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली। सूचना मिलते ही इनायतनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। पुलिस ने तो मूर्ति को दूसरा स्थापित कर दिया लेकिन अभी किसी के विरुद्ध केस दर्ज नहीं हुआ है। डॉ आंबेडकर प्रतिमा खंडित होने की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुटने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर पीयूष पाल और एसडीएम मिल्कीपुर पवन कुमार शर्मा भी मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांति बनाए रखने की अपील की। साथ ही प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल नई अंबेडकर प्रतिमा मंगवाई और उसी स्थान पर विधिवत स्थापित करा दी। नई प्रतिमा लगने के बाद गांव में स्थिति सामान्य हुई। सीओ मिल्कीपुर पीयूष पाल ने बताया कि गांव में फिलहाल शांति व्यवस्था कायम है और किसी प्रकार का तनाव नहीं है। एहतियात के तौर पर प्रतिमा स्थल पर सीसीटीवी कैमरा लगवाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर नजर रखी जा सके और असामाजिक तत्वों की पहचान हो सके। पुलिस का कहना है कि प्रतिमा कैसे और किन परिस्थितियों में क्षतिग्रस्त हुई, इसकी जांच की जा रही है। यह किसी शरारती तत्व की हरकत है या अन्य कोई कारण है, इसका पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस गांव में लगातार निगरानी बनाए हुए है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)