कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की:राहुल-प्रियंका की हिरासत और वोट चोरी के आरोप पर दो गुटों के अलग-अलग प्रदर्शन
मथुरा में कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और दिल्ली में राहुल गांधी व प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। मथुरा में कांग्रेस दो गुटों में नजर आई। पहले महानगर कांग्रेस कमेटी ने महानगर अध्यक्ष यतेंद्र मुकद्दम के नेतृत्व में पूर्व विधायक प्रदीप माथुर सहित कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाई। इसके कुछ देर बाद जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कार्यालय होली गेट से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व विधायक व मंत्री श्याम सुंदर शर्मा भी प्रदर्शन में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने हाथों में ‘वोट चोर गद्दी छोड़’, ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ जैसे नारे लिखी तख्तियां लेकर नारेबाजी की। कलेक्ट्रेट गेट पर कार्यकर्ता करीब आधे घंटे तक बैठे रहे और प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक व मंत्री श्याम सुंदर शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ हो रहे कथित अत्याचार के विरोध में कांग्रेस सड़कों पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि वोटों की चोरी कर सरकार बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जब तक कथित वोट चोरी के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं होती और मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। कांग्रेस में हाल ही में वापसी और पार्टी के दो खेमों में नजर आने के सवाल पर शर्मा ने कहा कि वह 33 साल बाद कांग्रेस में लौटे हैं और इस मामले की उन्हें पूरी जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी में सेतु का काम करते हुए सभी को एकजुट करने का प्रयास करेंगे। जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन और भाजपा मुख्य चुनाव आयुक्त को बचा रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट की घेराबंदी कर विरोध जताया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)