अयोध्या में चौकी प्रभारी ने 2 लाख रुपए मांगे:गिरफ्तारी के बाद छोड़ने के लिए रकम तय करने का दावा; आरोपी बोले- वारंट पर हुई थी गिरफ्तारी
अयोध्या के कुमारगंज थाना क्षेत्र में कृषि विश्वविद्यालय चौकी प्रभारी पर गिरफ्तारी के बाद छोड़ने के एवज में रुपए मांगने का आरोप लगा है। पिठला गांव के अजीत कुमार सिंह का दावा है कि चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह ने उनसे और उनके भाई से 2 लाख रुपए देने की बात तय की थी। मामले से जुड़ा एक वीडियो सोमवार, 12 अक्टूबर की शाम सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। हालांकि, आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। अजीत कुमार सिंह के मुताबिक, 28 सितंबर 2026 की सुबह वह प्याज खरीदने कुमारगंज मंडी जा रहे थे। बूढ़े बाबा स्थान के पास कृषि विश्वविद्यालय के गेट नंबर-1 पर चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह और सिपाही अतुल नारायण ने उन्हें रोककर गाड़ी में बैठा लिया। पहले 3 लाख मांगे, फिर 2 लाख तय हुए आरोप है कि इसके बाद उनके भाई कप्तान सिंह और बेटे आकाश सिंह को बुलाया गया। चौकी प्रभारी ने कथित तौर पर गांजा बरामदगी के मामले में जेल भेजने की बात कही। अजीत का कहना है कि उनके भाई कप्तान सिंह ने बताया कि वह हृदय रोग से पीड़ित हैं और हाल ही में अस्पताल से आए हैं। इसके बाद छोड़ने के एवज में कथित तौर पर 3 लाख रुपए मांगे गए। बातचीत के बाद 2 लाख रुपए देने की बात तय हुई। 1.30 लाख देने के बाद भी जेल भेजने का आरोप अजीत के मुताबिक, उनके भाई कप्तान सिंह ने कर्ज लेकर चौकी प्रभारी के आवास पर 1.30 लाख रुपए दिए। इसके बावजूद उन्हें थाने ले जाया गया और न्यायालय में पेश कर दिया गया। अजीत ने आरोप लगाया कि जमानत पर छूटने के बाद उनके भाई के मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल कर बाकी 70 हजार रुपए मांगे गए। रुपए नहीं देने पर दोबारा जेल भेजने की धमकी देने का भी दावा किया गया। उन्होंने कहा कि 29 सितंबर को तत्कालीन थाना अध्यक्ष से फोन पर शिकायत की थी। इसके बावजूद उन्हें परेशान किए जाने का आरोप लगाया है। चौकी प्रभारी ने आरोपों को नकारा चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह ने आरोपों को फर्जी बताया। उनका कहना है कि अजीत कुमार सिंह को वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया गया था और न्यायालय में पेश किया गया था। फिलहाल, रुपए मांगने के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)