अयोध्या में घर से दुकान के लिए निकली युवती लापता:युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप, पुलिस टीम तलाश में

Oct 05, 2026 - 14:58
0
अयोध्या में घर से दुकान के लिए निकली युवती लापता:युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप, पुलिस टीम तलाश में
अयोध्या जिले के खंडासा थाना क्षेत्र के एक गांव से 14 सितंबर से लापता 18 वर्षीय युवती का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। युवती की मां ने गांव के ही एक युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाते हुए दो अक्टूबर को खंडासा थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर युवती की बरामदगी के लिए दो टीमें गठित की हैं। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, एक गांव निवासिनी महिला की 18 वर्षीय बेटी 14 सितंबर की शाम करीब पांच बजे दुकान जाने की बात कहकर घर से निकली थी। काफी देर बाद भी जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर खोजबीन की गई, लेकिन युवती के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। परिजनों का आरोप है कि तलाश के दौरान जानकारी हुई कि गांव का ही अंकुर गुप्ता उर्फ नकन्नू पुत्र मल्हू गुप्ता युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इसके बाद युवती की मां ने दो अक्टूबर को थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और बेटी की बरामदगी के साथ आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार सरोज ने 5 अक्टूबर सोमवार को बताया कि युवती 14 सितंबर को घर से लापता हुई थी, जबकि उसकी मां ने दो अक्टूबर को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। मुकदमा दर्ज कराने में हुई देरी के संबंध में पूछे जाने पर महिला ने लोकलाज के कारण पहले शिकायत नहीं करने की बात कही। उन्होंने बताया कि बेटी के अब तक वापस नहीं आने पर महिला ने पुलिस से शिकायत की। थानाध्यक्ष के मुताबिक, तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर युवती की तलाश और बरामदगी के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं। उन्होंने बताया कि युवती को जल्द बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। बरामदगी के बाद उसका मेडिकल परीक्षण और न्यायालय में बयान कराया जाएगा। इसके आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User