अयोध्या में घरौनी वितरण धीमा, 180 गांव बाकी:280 गांवों में से 96 को ही मिली घरौनी, गलत घरौनी की शिकायतें भी
अयोध्या जिले के मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के ग्रामीणों को घरौनी के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। कई गांवों में अब तक घरौनी का वितरण नहीं हो सका है, जबकि कुछ जगहों पर गलत घरौनी बनने की शिकायतें भी तहसील प्रशासन तक पहुंच रही हैं। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उप जिलाधिकारी पवनशर्मा ने शनिवार, तीन अक्टूबर को बताया कि घरौनी से संबंधित शिकायतों का निस्तारण कराकर पात्र लाभार्थियों को घरौनी सौंपी जाएगी। जिन गांवों में वितरण बाकी है, वहां भी जल्द प्रक्रिया पूरी कराने का प्रयास किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र में कुल 280 गांव आते हैं। इनमें से 279 गांवों में ड्रोन सर्वे कराया जा चुका है।अब तक 96 गांवों में घरौनी का वितरण किया गया है। वहीं, करीब 180 गांव ऐसे हैं, जहां अभी तक घरौनी का वितरण नहीं हो पाया है। इसके अलावा तीन गांवों में घरौनी जनरेट नहीं हो सकी है। ऐसे में इन गांवों के ग्रामीणों को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। एसडीएम पवन शर्मा ने बताया कि सराय मजरा, तुलापुर, खांडसा, दसौली, रौतावां,जाखा, हरिरामपुर, कुंभी, चमरूपुर,गड़ौली, जिगनाही और सुरवाया समेत 96 गांवों में घरौनी वितरित की जा चुकी है। दूसरी ओर बरईपारा, गणेशपुर, सोधियावा, देवरा, नेवली, थमोली, भजन, अंजरौली, हरदोइया, खजूरी और मिर्जापुर समेत 180 गांवों में अभी वितरण की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है।इन गांवों में जल्द घरौनी वितरित कराने की बात कही गई है। तीन गांवों में घरौनी जनरेट न होने के कारण भी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी है। इनमें खानपुर, पचौरी और ईटगांव शामिल हैं।एसडीएम के अनुसार, इन गांवों में भी आवश्यक कार्रवाई करते हुए घरौनी दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि तहसील क्षेत्र के280 गांवों में हैबतपुर एक ऐसा गांव है, जो आबाद नहीं है। यहां आबादी की भूमि नहीं होने के कारण घरौनी दर्ज नहीं की गई है। इधर, घरौनी में नाम,विवरण अथवा अन्य त्रुटियों को लेकर शिकायतें आने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ रही है।एसडीएम ने आश्वासन दिया कि प्राप्त शिकायतों की जांच कर कमियों को दूर कराया जाएगा, ताकि संबंधित लाभार्थियों को सही विवरण वाली घरौनी उपलब्ध कराई जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)