अयोध्या में इंटरलॉकिंग में पुरानी ईंटों का इस्तेमाल:शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं, नगर पंचायत अध्यक्ष बोले- ठेकेदार से बात करेंगे
अयोध्या जिले के आदर्श नगर पंचायत कुमारगंज के वार्ड संख्या छह अमवा छीटन के रामदास का पुरवा में करीब 12.50 लाख रुपये की लागत से कराए जा रहे इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य में पुरानी ईंटों के इस्तेमाल को लेकर शिकायत सामने आई है। स्थानीय निवासी घनश्याम ने आरोप लगाया है कि पहले से लगे खड़ंजे की ईंटें उखाड़कर इंटरलॉकिंग के दोनों ओर दीवार बनाने में लगाई जा रही हैं। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 पर शिकायत दर्ज कराई है। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है। घनश्याम के मुताबिक, वार्ड में सरकारी ट्यूबवेल से मिंदर के घर तक और मिंदर के घर से भवानी प्रसाद मौर्य के घर तक इंटरलॉकिंग का निर्माण कराया जा रहा है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य में पहले से लगे खड़ंजे की ईंटों को उखाड़कर दोबारा इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने सोमवार को बताया कि इस संबंध में शिकायत करने के बावजूद ठेकेदार द्वारा पुरानी ईंटों की जुड़ाई की गई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने निर्माण कार्य का वीडियो बनाकर संबंधित अधिकारियों को भी भेजा है। इसके अलावा मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित किया गया है। इसके बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने की बात कही है। उन्होंने निर्माण कार्य की जांच कराकर मामले में उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है। इस संबंध में नगर पंचायत कुमारगंज के अध्यक्ष विकास सिंह छोटू ने बताया कि इंटरलॉकिंग का निर्माण कार्य डूडा (जिला नगरीय विकास अभिकरण) की ओर से कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य नगर पंचायत क्षेत्र में जरूर हो रहा है, लेकिन इसे नगर पंचायत नहीं करा रही है। इसलिए सीधे तौर पर उनके स्तर से इसमें हस्तक्षेप करना संभव नहीं है। अध्यक्ष ने यह भी कहा कि यदि पुरानी ईंटों को उखाड़कर दोबारा इस्तेमाल किया जा रहा है तो इस संबंध में ठेकेदार से बात की जाएगी। फिलहाल शिकायतकर्ता ने मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)