‘देश में अराजकता का माहौल मत बनाइए':गोंडा में बृजभूषण बोले- विपक्ष की मंशा माहौल खराब करने की, 2029 के चुनाव का इंतजार कीजिए
पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने इंडिया गठबंधन के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा है। रविवार देर शाम करीब 6 बजे दिए गए उनके बयान का वीडियो सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे सामने आया। आरोप लगाया कि विपक्ष की मंशा देश में अमन-शांति बनाए रखने के बजाय माहौल खराब करने की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग करने के बजाय विपक्ष को जनता के बीच अपनी बात रखनी चाहिए और 2029 के चुनाव का इंतजार करना चाहिए। बोले- दुनिया में पाकिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल से तुलना कराना चाहते हैं बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि विपक्ष की मंशा स्पष्ट है। वह चाहता है कि देश में शांति न रहे और दुनिया में भारत की तुलना पाकिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल से हो। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाना चाहता है, जबकि ये सभी जनादेश के आधार पर अपने पदों पर हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को 2029 के चुनाव की प्रतीक्षा करनी चाहिए। अगर किसी मुद्दे पर आपत्ति है तो उसे जनता के सामने रखना चाहिए या सुप्रीम कोर्ट में अपनी बात कहनी चाहिए। ‘पहले कभी सुप्रीम कोर्ट मार्च का नारा नहीं दिया गया’ पूर्व सांसद ने सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करने के आह्वान को लेकर भी विपक्ष पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वह 1970 से राजनीति को थोड़ा-थोड़ा समझ रहे हैं। उनके मुताबिक, देश में आपातकाल समेत कई उतार-चढ़ाव आए, लेकिन पहले कभी सुप्रीम कोर्ट मार्च का नारा नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के वकीलों कपिल सिब्बल और अभिषेक मनु सिंघवी ने उन्हें समझाया होगा, इसलिए वे आधे रास्ते से लौट गए। बृजभूषण ने आरोप लगाया कि विपक्ष की मंशा सुप्रीम कोर्ट के बाहर हंगामा कर खबर बनवाने की थी। हालांकि, यह उनका आरोप है। ‘देश में अराजकता का माहौल मत बनाइए’ बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि देश में अराजकता का माहौल नहीं बनाना चाहिए। जो भी कहना है, जनता के बीच जाकर अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि 2027 का चुनाव देश के सबसे बड़े राज्य में है। विपक्ष को पहले यहां अपनी बात रखकर जनता का समर्थन हासिल करने की कोशिश करनी चाहिए। उमर खालिद के समर्थकों का भी किया जिक्र पूर्व सांसद ने प्रदर्शन में शामिल होने की अपील पर टिप्पणी करते हुए उमर खालिद के समर्थकों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन में ऐसे लोग भी शामिल हो सकते हैं, जो उमर खालिद की वकालत करते हैं। उन्होंने संसद पर हमले के आरोपियों के समर्थकों का भी उल्लेख किया। बृजभूषण ने विपक्ष के एकजुट होने पर तंज कसते हुए कहा, ‘इन लोगों की सगाई पहले हो गई थी, अब शादी रामलीला मैदान में होने वाली है।’
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)