अयोध्या में नवरात्र-दशहरा पर पुलिस के सख्त निर्देश:खंडासा-कुमारगंज में बैठक, सीओ ने डीजे संचालकों को चेतावनी और लोगों से वार्ता

Oct 07, 2026 - 17:00
0
अयोध्या में नवरात्र-दशहरा पर पुलिस के सख्त निर्देश:खंडासा-कुमारगंज में बैठक, सीओ ने डीजे संचालकों को चेतावनी और लोगों से वार्ता
अयोध्या में नवरात्र और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को सात अक्टूबर बुधवार दोपहर बाद खंडासा और कुमारगंज थाना परिसर में डीजे संचालकों, दुर्गा पूजा समितियों, रामलीला आयोजकों और क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक आयोजित की गई। थानाध्यक्षों ने आयोजकों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और आपसी सहयोग से पर्व मनाने की अपील की। खंडासा थानाध्यक्ष कमलेश सरोज ने बताया कि इस वर्ष खंडासा थाना क्षेत्र में 151 स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 139 थी। सभी मूर्ति आयोजक समितियों, सदस्यों और मूर्तिकारों के साथ वार्ता की जा चुकी है। सुरक्षा को देखते हुए प्रत्येक पंडाल में सीसीटीवी कैमरा लगाना अनिवार्य किया गया है। उन्होंने बताया कि खंडासा और अमानीगंज में रावण दहन का मुख्य आयोजन होगा। इसके अलावा खंडासा, अमानीगंज, कुरावन बाजार, लाल का पुरवा, गद्दोपुर और सिधारी बाजार सहित करीब 10 स्थानों पर मेलों का आयोजन किया जाएगा। नवरात्र के दौरान 10 स्थानों पर रामलीला का मंचन भी होगा। कुमारगंज थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पटेल ने बताया कि उनके थाना क्षेत्र में 110 स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। दो स्थानों पर रावण दहन और छह स्थानों पर मेला आयोजित होगा। क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर पीयूष पाल ने बताया कि मिल्कीपुर सर्किल के इनायतनगर, कुमारगंज और खंडासा तीनों थाना क्षेत्रों को मिलाकर कुल 470 स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित होंगी। सभी थानाध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। पत्रकारों, धर्मगुरुओं और संभ्रांत लोगों के साथ भी पहले ही बैठकें हो चुकी हैं। सीओ ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी और फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को सक्रिय रखा जाएगा। किसी भी आपात स्थिति पर तत्काल सहायता पहुंचाई जाएगी। डीजे संचालकों को मानक के अनुसार ही साउंड बजाने के निर्देश दिए गए हैं। तेज आवाज या निर्धारित संख्या से अधिक साउंड सिस्टम बजाने पर शिकायत मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User