अयोध्या में नवरात्रि को लेकर प्रशासन अलर्ट:मूर्ति स्थापना से विसर्जन स्थल तक की तैयारियां एसडीएम और सीओ ने देखीं

Oct 08, 2026 - 18:47
0
अयोध्या में नवरात्रि को लेकर प्रशासन अलर्ट:मूर्ति स्थापना से विसर्जन स्थल तक की तैयारियां एसडीएम और सीओ ने देखीं
अयोध्या में आगामी नवरात्रि और दुर्गा पूजा को देखते हुए तहसील प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मूर्ति स्थापना स्थलों से लेकर विसर्जन स्थल तक व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है। प्रशासन और पुलिस के अधिकारी लगातार स्थलीय निरीक्षण कर दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों से जानकारी लेने के साथ आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। इसी क्रम में उप जिलाधिकारी मिल्कीपुर पवन कुमार शर्मा ने क्षेत्राधिकारी पियूष पाल और प्रभारी निरीक्षक इनायतनगर राजेश सिंह चौकी प्रभारी आलोक सिंह के साथ तहसील क्षेत्र के शाहगंज, गुरेहटा समेत कई मूर्ति स्थापना स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पूजा समितियों के सदस्यों से मूर्ति स्थापना, कार्यक्रम, सुरक्षा व्यवस्था, बिजली, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने समितियों को निर्धारित नियमों का पालन करने और किसी भी तरह की समस्या होने पर तत्काल पुलिस-प्रशासन को सूचना देने के निर्देश दिए। एसडीएम और सीओ ने मूर्ति विसर्जन के लिए निर्धारित जमदग्नि विसर्जन स्थल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर मौजूद व्यवस्थाओं को देखा गया और जो कमियां सामने आईं, उन्हें समय रहते दूर कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। अधिकारियों ने विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आवागमन और आवश्यक सुविधाओं को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा। क्षेत्राधिकारी तेजपाल ने बताया कि थाना क्षेत्र में 219 स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी। सभी स्थानों का निरीक्षण कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जहां भी कोई कमी सामने आ रही है, उसे समय रहते दूर करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि दुर्गा पूजा समितियों के सदस्यों के साथ कई चरणों में बैठक कर वार्ता की जा चुकी है। समितियों को सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। नवरात्र के दौरान प्रशासन और पुलिस की ओर से क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जाएगी। वहीं दूसरी और पुलिस क्षेत्र अधिकारी रुदौली अरविंद सोनकर भी मूर्ति स्थापना स्थल से लेकर के विसर्जन स्थल तक का निरीक्षण कर रहे हैं। ताकि कहीं कोई समस्या न होने पाए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User