एनएचएम संविदा कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू:स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित, जिला अस्पताल में मरीजों को करना पड़ा इंतजार

Oct 08, 2026 - 18:47
0
एनएचएम संविदा कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू:स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित, जिला अस्पताल में मरीजों को करना पड़ा इंतजार
सोनभद्र में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर गुरुवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। जिलेभर के कर्मचारियों ने मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) कार्यालय परिसर में धरना देकर विरोध जताया। कार्य बहिष्कार का असर जिला अस्पताल के साथ ही सीएचसी और पीएचसी की नियमित स्वास्थ्य सेवाओं पर दिखाई दिया। ओपीडी, फील्ड सर्वे, जांच, रिपोर्टिंग समेत अन्य गतिविधियां प्रभावित रहीं और इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को कई जगह इंतजार करना पड़ा। हालांकि, कर्मचारियों ने आकस्मिक सेवाओं को प्रभावित नहीं करने की बात कही। 3 दिन जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन, फिर लखनऊ जाएंगे NHM संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र शुक्ला ने बताया कि आंदोलन में जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई (DPMU), ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधन इकाई (BPMU) समेत विभिन्न कार्यक्रमों में तैनात कर्मचारी शामिल हैं। जिला मुख्यालय पर तीन दिन कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इसके बाद कर्मचारी लखनऊ में अनिश्चितकालीन धरना देंगे। लंबित मांगों का समाधान होने तक आंदोलन जारी रखने की रणनीति है। कम मानदेय में परिवार चलाना मुश्किल फिजियोथैरेपिस्ट ओमप्रकाश ने कहा कि NHM में बड़ी संख्या में कर्मचारी दूसरे जिलों से आकर सेवाएं दे रहे हैं। महंगाई के दौर में कम मानदेय में परिवार का भरण-पोषण मुश्किल हो रहा है। जिम्मेदारियां लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन इसके अनुरूप मानदेय और सुविधाओं में सुधार नहीं किया जा रहा है। सीएचओ स्वाति पटेल और संविदा एएनएम धर्मावती ने भी लंबित मांगों के समाधान की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में NHM कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में अपेक्षित पहल नहीं हो रही है। CMO बोले- आकस्मिक सेवाएं सुचारु CMO डॉ. रमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि NHM कर्मियों के हड़ताल पर रहने के बावजूद जिले में सभी आकस्मिक सेवाएं सुचारु हैं। टीकाकरण प्रभावित न हो, इसके लिए नियमित एएनएम की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शासन स्तर से जल्द कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान होगा और कर्मचारी काम पर लौटेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User