अयोध्या में सपा का प्रदर्शन:ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर गांधी पार्क से कचहरी तक निकाला मार्च, कार्यकर्ताओं ने फूंका पुतला
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी ने सोमवार को अयोध्या में प्रदर्शन किया। गांधी पार्क से सपा कार्यकर्ताओं का हुजूम कचहरी की ओर निकला। प्रदर्शन का नेतृत्व सपा सांसद अवधेश प्रसाद और पूर्व मंत्री पवन पांडे ने किया। कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे लेकर नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला भी फूंका। चुनाव प्रक्रिया पर उठाए सवाल सपा नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर सवाल उठाए। नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव में वोटों की कथित हेराफेरी की जा रही है। उनका कहना था कि लोकतंत्र में निष्पक्ष चुनाव और मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा जरूरी है। इसी मांग को लेकर पार्टी ने आंदोलन तेज करने की बात कही है। सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जिस तरह राम मंदिर में चंदा चोरी हो रही है, उसी तरह वोटों की चोरी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार भाजपा से मिलकर वोटों की चोरी करवा रहे हैं। अवधेश प्रसाद ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाया जाना चाहिए या उन्हें खुद इस्तीफा दे देना चाहिए। नारेबाजी करते हुए कचहरी पहुंचे कार्यकर्ता प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गांधी पार्क से शुरू हुआ मार्च कचहरी की ओर बढ़ा। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने से रास्ते में हलचल रही। कार्यकर्ता हाथों में झंडे लेकर अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाते रहे। पार्टी नेताओं ने कहा कि मतदाता का वोट लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण ताकत है। किसी भी स्तर पर मताधिकार प्रभावित नहीं होना चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता की मांग की। आंदोलन आगे भी जारी रखने का ऐलान सपा ने अयोध्या में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर सात दिन के ‘लोकतंत्र बचाओ आंदोलन’ का ऐलान किया है। इसके तहत विधानसभा स्तर पर बैठकें, जिला मुख्यालय पर मार्च और धरना-प्रदर्शन की योजना है। प्रदर्शन में सपा सांसद अवधेश प्रसाद, पूर्व मंत्री पवन पांडे समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे। नेताओं ने कहा कि मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी अपना विरोध जारी रखेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)