अयोध्या पहुंचे एडीजी प्रवीण कुमार्र फोर्स के साथ किया गश्त:संवेदनशील इलाकों का लिया जायजा,  दुर्गा पूजा और दीपोत्सव पर सुरक्षा का पहरा

Oct 13, 2026 - 20:39
0
अयोध्या पहुंचे एडीजी प्रवीण कुमार्र फोर्स के साथ किया गश्त:संवेदनशील इलाकों का लिया जायजा,  दुर्गा पूजा और दीपोत्सव पर सुरक्षा का पहरा
रामनगरी में दुर्गा पूजा, दशहरा, प्रतिमा विसर्जन और दीपोत्सव को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंगलवार को लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार अयोध्या पहुंचे। उन्होंने एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर और पैरामिलिट्री फोर्स के साथ सड़क पर उतरकर पैदल गश्त की। संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की हकीकत जानी। अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। अयोध्या पहुंचने पर एडीजी को पुलिस लाइन में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर त्योहारों की तैयारियों की जानकारी ली। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण से जुड़े इंतजामों की समीक्षा की गई। प्रमुख मार्गों और धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। नया घाट पर आसपास के जिलों से भी पहुंचेंगी प्रतिमाएं मीडिया से बातचीत में एडीजी ने कहा कि पैदल गश्त पुलिस की नियमित प्रक्रिया है। इसका उद्देश्य लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाना और दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों से संवाद स्थापित करना है। संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना भी इसका हिस्सा है। उन्होंने बताया कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए गोंडा, बस्ती समेत आसपास के जिलों से भी प्रतिमाएं नया घाट पहुंचती हैं। ऐसे में सरयू में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं और विसर्जन में शामिल होने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। हनुमानगढ़ी, राम मंदिर और देवकाली सहित प्रमुख मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए व्यवस्थाएं की गई हैं। डीजे पर नियमों का पालन कराएगी पुलिस एडीजी ने कहा कि फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता नवरात्र और दशहरा के आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है। इसके बाद दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर अलग से बैठक की जाएगी। दीपोत्सव को परंपरागत दिव्यता और भव्यता के साथ संपन्न कराया जाएगा। डीजे संचालन के सवाल पर उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट और मुख्यमंत्री के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। एडीजी ने लोगों से त्योहार आपसी सद्भाव और उत्साह के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अयोध्यावासी हर आयोजन में सहयोग करते हैं। इस बार भी शांतिपूर्ण आयोजन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइन में आधुनिक मीटिंग हॉल तैयार कराने के लिए एसएसपी और उनकी टीम की सराहना की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User