बाढ़ पानी में डूबने से मुनेंद्र की मौत,पोस्टमार्टम में पुष्टि:सीतापुर में पत्नी ने चोर समझकर पत्थर फेंकने का आरोप लगाया था
सीतापुर के शहर कोतवाली क्षेत्र में दो दिन पूर्व बाढ़ के पानी में लापता हुए युवक मुनेंद्र कश्यप की मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पानी के अंदर दम घुटने से होने की पुष्टि हुई है। इससे पहले पत्नी ने आरोप लगाया था कि बाढ़ के पानी से गुजरते समय स्थानीय लोगों ने मुनेंद्र को चोर समझकर उस पर पत्थर फेंके थे, जिससे वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। हालांकि पोस्टमार्टम में पत्थर लगने से मौत की पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्ट में डूबने को मौत की वजह बताया गया है। परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद रविवार को शव का अंतिम संस्कार कर दिया। दरअसल, सरायन नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद शहर के लोनियनपुरवा इलाके में कई घर बाढ़ की चपेट में आ गए थे। मुनेंद्र का पुराना मकान भी पानी में डूब गया था। इसके चलते वह पत्नी और परिवार के साथ किराए के मकान में रह रहा था। गुरुवार रात करीब 9:30 बजे मुनेंद्र पुराने घर की ओर जाने के लिए बाढ़ के पानी से होकर निकल रहा था। इसी दौरान वह कैंची पुल के पास गहरे पानी में लापता हो गया।
मुनेंद्र की पत्नी नेहा कश्यप ने आरोप लगाया था कि आसपास के लोगों ने उसे चोर समझ लिया और उस पर पानी के बीच से पत्थर फेंके। पत्नी के मुताबिक इसी दौरान मुनेंद्र गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना पर पुलिस और पीएसी की फ्लड यूनिट ने तलाश शुरू की। करीब 24 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद शुक्रवार देर रात पीएसी के गोताखोरों ने मुनेंद्र का शव पानी में झाड़ियों के बीच से बरामद किया था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। शनिवार को पोस्टमार्टम के अब रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस घटनाक्रम की अन्य कड़ियों की भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार युवक के शराब के नशे में पानी में जाने की बात भी सामने आई थी। पत्नी के लगाए आरोपों की भी जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)