बागपत जिला अस्पताल में संविदा कर्मचारियों का धरना:दूसरे दिन भी जारी, नियमितीकरण और समान वेतन की मांग

Oct 09, 2026 - 17:09
0
बागपत जिला अस्पताल में संविदा कर्मचारियों का धरना:दूसरे दिन भी जारी, नियमितीकरण और समान वेतन की मांग
बागपत में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत संविदा कर्मचारियों का अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला अस्पताल में दूसरे दिन भी धरना जारी रहा। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन और मानदेय में बढ़ोतरी समेत कई मांगें उठाईं। कर्मचारियों ने मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। संगठन का कहना है कि प्रदेश में चार लाख से अधिक संविदा कर्मचारी लंबे समय से स्वास्थ्य विभाग में सेवाएं दे रहे हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पतालों और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। कोरोना काल में भी संविदा कर्मचारियों ने अपनी सेवाएं देकर स्वास्थ्य व्यवस्था को बनाए रखने में योगदान दिया था। कर्मचारियों की प्रमुख मांग है कि लंबे समय से कार्यरत एनएचएम संविदा कर्मचारियों को नियमित किया जाए। जब तक नियमितीकरण और समान कार्य-समान वेतन की व्यवस्था लागू नहीं होती, तब तक उनके मानदेय में तत्काल वृद्धि की जाए। इसके अलावा कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों को कम से कम 10 लाख रुपये की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा देने की मांग की गई है। संघ ने महंगाई भत्ता, ईपीएफ, एचआरए और ग्रेच्युटी का लाभ देने, गैर जनपद स्थानांतरण की सुविधा बहाल करने तथा कर्मचारी की मृत्यु होने पर पात्र आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति देने की मांग भी उठाई। इसके साथ ही आउटसोर्स कर्मचारियों को जिला स्वास्थ्य समिति में समायोजित करने और नियमित भर्तियों में एनएचएम संविदा कर्मचारियों के लिए 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने की मांग की गई है। संगठन के अनुसार, पांच से सात अक्टूबर तक काली पट्टी बांधकर विरोध जताने के बाद आठ से दस अक्टूबर तक कार्य बहिष्कार का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User