बागपत में 85 कर्मचारियों को 2 महीने से वेतन नहीं:सफाई व्यवस्था ठप, नगर पंचायत में दूसरे दिन भी धरना; राशन और बच्चों की फीस अटकी
बागपत की रटौल नगर पंचायत में 85 कर्मचारियों को पिछले दो महीने से वेतन नहीं मिला है। वेतन न मिलने से नाराज कर्मचारी हड़ताल पर हैं और शनिवार को दूसरे दिन भी धरना जारी रहा। कर्मचारियों की हड़ताल के चलते कस्बे की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई है। स्थानीय लोगों ने अधिकारियों से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है। सफाई कर्मचारी मन्नू, पूनम और आस मोहम्मद ने बताया कि दो महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण परिवार चलाने में परेशानी हो रही है। राशन, बच्चों की फीस और अन्य जरूरी खर्च प्रभावित हो रहे हैं। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक वेतन नहीं मिलेगा, धरना जारी रहेगा। अध्यक्ष पद का मामला कोर्ट में विचाराधीन वेतन न मिलने की वजह नगर पंचायत अध्यक्ष पद को लेकर चल रहा कोर्ट का मामला बताया जा रहा है। हाईकोर्ट ने निचली अदालत को मामले के निस्तारण के लिए छह महीने का समय दिया है। इसके चलते फिलहाल नगर पंचायत अध्यक्ष का चार्ज किसी के पास नहीं है। ईओ बोलीं- उच्च अधिकारियों के संज्ञान में मामला ईओ आस्था पाठक ने बताया कि मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में है। जल्द ही समस्या का समाधान होने की उम्मीद है। धरने में मन्नू, जोगेंद्र, दानिश, आस मोहम्मद, विकास, पूनम, कुसुम, बसंत और महबूब समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)