बाइक स्टार्ट करते ही सांप ने मारा झपट्टा, VIDEO:इटावा में इंजन से निकला 4 फीट लंबा नाग, बाल-बाल बचा मालिक
इटावा में शहर के नुमाइश चौराहा स्थित बुधवार को दोपहर 1 बजे एक मकान में खड़ी पल्सर मोटरसाइकिल के इंजन में 3 से 4 फीट लंबा सांप दिखाई देने से घरवालों में दहशत फैल गई। बाइक मालिक आदित्य ने जैसे ही मोटरसाइकिल स्टार्ट करने के लिए चाबी लगाई, सांप ने उन्हें काटने की कोशिश की। यह देखकर वह घबराकर घर से बाहर भागे। बाइक में सांप होने की जानकारी आदित्य के पड़ोसी शिक्षक डॉ. पीयूष दीक्षित ने वन्यजीव विशेषज्ञ और सर्पमित्र डॉ. आशीष त्रिपाठी को दी। सूचना मिलने के बाद डॉ. आशीष रेस्क्यू टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बाइक की जांच शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद सर्पमित्र डॉ. आशीष त्रिपाठी ने सांप को मोटरसाइकिल के इंजन से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद वन विभाग के दिशा-निर्देशन में सांप को वन क्षेत्र में ले जाकर सुरक्षित छोड़ दिया गया। सांप के रेस्क्यू होने के बाद घरवालों ने राहत की सांस ली। डॉ. आशीष त्रिपाठी ने बताया कि रेस्क्यू किया गया सांप चेकर्ड सांप था। यह स्वभाव से बेहद गुस्सैल होता है, लेकिन विषहीन होता है। उन्होंने बताया कि इस सांप के काटने से जान जाने का खतरा नहीं होता, लेकिन सर्पदंश के बाद अत्यधिक घबराहट से व्यक्ति की हालत गंभीर हो सकती है। रेस्क्यू के बाद डॉ. आशीष ने घरवालों को सर्पदंश के बाद के गोल्डन ऑवर की जानकारी दी। झाड़-फूंक जानलेवा साबित उन्होंने बताया कि यदि कभी सांप काट ले तो समय बर्बाद किए बिना प्रभावित हिस्से पर हल्का बंध लगाकर व्यक्ति को जल्द से जल्द नजदीकी जिला अस्पताल, सीएचसी या पीएचसी ले जाना चाहिए। उन्होंने झाड़-फूंक से बचने की सलाह देते हुए कहा कि सर्पदंश के मामलों में झाड़-फूंक जानलेवा साबित हो सकती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)