बैंक ऑफ बड़ौदा के ATM में दो लोगों से ठगी:पेमेट निकालने की कोशिश पर आवाज आई- मशीन खराब है; अकाउंट से पैसा कटा

Oct 04, 2026 - 18:53
0
बैंक ऑफ बड़ौदा के ATM में दो लोगों से ठगी:पेमेट निकालने की कोशिश पर आवाज आई- मशीन खराब है; अकाउंट से पैसा कटा
मुरादाबाद में कांठ रोड पर क्रॉस व्हील्स के सामने स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम में ठगी का बेहद अजीब मामला सामने आया है। एटीएम में रुपये निकालने पहुंचे बरेली कारागार में कार्यरत मुरादाबाद निवासी जेलकर्मी राजीव कुमार त्यागी के खाते से 10 हजार रुपये तो कट गए, लेकिन एटीएम से नकदी बाहर नहीं निकली। इसके बजाय मशीन में लगे एक स्पीकर से आवाज आई कि मशीन खराब है और अगले पांच घंटे में रुपये वापस खाते में पहुंच जाएंगे। बाद में जब राजीव कुमार त्यागी दोबारा एटीएम पर पहुंचे तो स्पीकर गायब था और उसके पीछे एक मोबाइल नंबर लिखा हुआ मिला। राजीव कुमार त्यागी के मुताबिक वह रविवार दोपहर कांठ रोड पर क्रॉस व्हील्स के सामने स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम पर रुपये निकालने पहुंचे थे। उन्होंने एटीएम में अपने खाते से 10 हजार रुपये निकालने की कमांड दी। मशीन में प्रोसेसिंग की आवाज आई और उनके खाते से 10 हजार रुपये निकलने का मैसेज भी आ गया, लेकिन एटीएम की कैश डिस्पेंसिंग स्लॉट से रुपये बाहर नहीं आए। स्लॉट को टेप लगाकर बंद किया हुआ था। तभी एटीएम के अंदर एसी के समीप लगे एक स्पीकर से आवाज आई कि मशीन खराब है और अगले एक डेढ़ घंटे में में रुपये वापस आपके खाते में पहुंच जाएंगे। इसके बाद राजीव कुमार त्यागी वहां से चले गए और उन्होंने दूसरे एटीएम से रुपये निकाल लिए। करीब एक घंटे बाद वह दोबारा उसी एटीएम पर पहुंचे। उन्होंने मशीन को चेक किया तो वहां पहले लगा स्पीकर गायब था। स्पीकर के पीछे एक मोबाइल नंबर लिखा हुआ था। राजीव कुमार त्यागी ने उस नंबर पर कॉल किया। फोन करने पर खुद को बैंक मैनेजर बताया राजीव कुमार त्यागी के अनुसार फोन उठाने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंक मैनेजर बताते हुए कहा कि उनके साथ फ्रॉड हो गया है। बातचीत के दौरान उस व्यक्ति ने यह भी बताया कि उसके पास दो अन्य लोगों के फोन भी आ चुके हैं, जिन्होंने इसी तरह की घटना की जानकारी दी है। राजीव कुमार त्यागी ने जब कथित बैंक मैनेजर से सवाल किया कि आखिर इस तरह का फ्रॉड कैसे हो सकता है, तो उन्हें बताया गया कि इस एटीएम पर कोई गार्ड तैनात नहीं है। कथित बैंक मैनेजर ने उन्हें सलाह दी कि वह अगले दिन सुबह बैंक पहुंचकर अपने साथ हुई घटना की जानकारी दें और साथ ही पुलिस में भी एफआईआर दर्ज कराएं। इस बातचीत के बाद राजीव कुमार त्यागी तत्काल हरथला पुलिस चौकी पहुंचे और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इसी एटीएम पर एक और व्यक्ति के साथ भी हुई घटना पुलिस चौकी पहुंचने के बाद राजीव कुमार त्यागी को जानकारी मिली कि इसी एटीएम मशीन पर इसी तरह की घटना एक अन्य व्यक्ति अवंतिका कॉलोनी निवासी आशीष साहू के साथ भी हुई है। उनके खाते से भी एक हजार रुपये की निकासी हुई, लेकिन उसे नकदी नहीं मिली। दोनों पीड़ितों ने पुलिस को शिकायत देकर मामले में रिपोर्ट दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User