बाल कटवाने के विवाद में फायरिंग, दो आरोपी गिरफ्तार:कैराना के पावटीकलां में दो भाइयों पर चलाई थी गोली, तमंचे और कारतूस बरामद
शामली में कैराना क्षेत्र के पावटीकलां गांव में बाल कटवाने के दौरान हुए विवाद के बाद दो भाइयों पर फायरिंग कर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गांव के ही रवि और रजत पुत्र राधेश्याम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर को पावटीकलां गांव में अंकित पुत्र सुशील और रवि के बीच दुकान पर बाल कटवाने के दौरान बनियान फेंकने की बात को लेकर विवाद हो गया था। इस दौरान दोनों पक्षों में हाथापाई भी हुई। आरोप है कि कुछ समय बाद रवि और उसका भाई रजत तमंचे लेकर अंकित के घर के पास रास्ते में पहुंचे। यहां उन्होंने गाली-गलौज करते हुए अंकित और उसके भाई अंकुश पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। दोनों भाई गोली लगने से बाल-बाल बच गए। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के संबंध में अंकित की तहरीर पर कैराना थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
चेकिंग के दौरान पकड़े गए आरोपी पुलिस के अनुसार, सोमवार को 12 बजे एसपी शामली के निर्देश पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 19 अक्टूबर को कैराना पुलिस ने गांव जंधेड़ी से बीबीपुर जाने वाले रास्ते पर तिराहे के पास ट्यूबवैल से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)