बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता: मेरठ और लखनऊ ने जीते खिताब:अंडर-19 में मेरठ, अंडर-17 में लखनऊ ने 7-7 विकेट से दर्ज की जीत
मुरादाबाद में प्रदेशीय बालिका विद्यालयीय क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 रविवार को खत्म हुई। फाइनल में मेरठ और लखनऊ मंडल ने खिताब जीते। अंडर-19 में मेरठ ने वाराणसी को और अंडर-17 में लखनऊ ने अयोध्या को सात-सात विकेट से हराया। अंडर-19 फाइनल पारकर इंटर कॉलेज मैदान पर हुआ। वाराणसी ने 96 रन बनाए। मेरठ ने 16 ओवर में 3 विकेट खोकर मैच जीता। किंजल (33 रन, 1 विकेट) 'फाइनल की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी' रहीं। अंडर-17 फाइनल एमपीएस मैदान पर हुआ। अयोध्या 54 रन पर ऑलआउट हुई। लखनऊ की आर्यमा (3 रन, 4 विकेट) ने टीम को जीत दिलाई, वह 'फाइनल की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी' चुनी गईं। कानपुर की नेहा वर्मा (187 रन) और अलीगढ़ की गरिमा सिंह (88 रन) सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज रहीं। मेरठ की डॉली (8 विकेट) और अयोध्या की शीतल (8 विकेट) सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज बनीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ समापन
प्रतियोगिता के समापन समारोह में छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। आकांक्षा विद्यापीठ इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। वहीं, जेआर अग्रवाल कन्या इंटर कॉलेज और प्रभादेवी आदर्श कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने समूह नृत्य पेश किया। मुख्य अतिथि संयुक्त शिक्षा निदेशक द्वादश मंडल मुरादाबाद शिवलाल और विशिष्ट अतिथि अपर जिलाधिकारी नगर अंकुर श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारियों ने विजेता टीमों की खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक मुरादाबाद और अमरोहा सहित प्रतियोगिता से जुड़े अधिकारी, शिक्षक और खेल आयोजन में सहयोग करने वाले लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)