बांदा में 1000 बाइकों की रैली:मंत्री ने राहुल-अखिलेश पर साधा निशाना, वोट चोरी के बयान पर किया पलटवार
बांदा में बुधवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत ज्योति यात्रा और बाइक रैली निकाली गई। रैली बुधवार सुबह 11 बजे शुरू हुई और दोपहर 2 बजे तक चली। इसमें करीब 1000 बाइक शामिल हुईं। कार्यक्रम में पहुंचे प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव के बयानों पर निशाना साधा। राहुल के ‘वोट चोर’ बयान पर पलटवार राहुल गांधी के ‘वोट चोर देश के गद्दार हैं’ वाले बयान पर दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि देश में वोट चोरी की शुरुआत गांधी-नेहरू परिवार से हुई थी। उन्होंने इंदिरा गांधी के चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि उनके निर्वाचन को लेकर न्यायालय का फैसला आया था। इसके बाद इमरजेंसी लगा दी गई थी। इमरजेंसी को लेकर कांग्रेस पर निशाना मंत्री ने आरोप लगाया कि इमरजेंसी के दौर में लोकतंत्र के हाथों में हथकड़ी और पैरों में बेड़ी डालकर शासन किया गया। उन्होंने कहा कि चुनाव और लोकतंत्र पर सवाल उठाने से पहले पुराने घटनाक्रमों को भी देखा जाना चाहिए। चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठाए सवाल दिनेश प्रताप सिंह ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाने को लेकर भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के बाहर के लोगों को मतदाता बनाए जाने का सवाल उठना चाहिए। उनके मुताबिक भारत में रहने वाला हर नागरिक, चाहे वह किसी भी जाति या धर्म का हो, निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया का हिस्सा होना चाहिए। ‘भाजपा को चुनाव जीतने के लिए चोरी की जरूरत नहीं’ मंत्री ने कहा कि भाजपा को चुनाव जीतने के लिए किसी तरह की ‘चोरी’ की जरूरत नहीं है। भाजपा कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच रहकर काम करते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी सेवा के जरिए चुनाव जीतती है। अतर्रा से महाराणा प्रताप प्रतिमा तक निकली रैली रैली अतर्रा चौराहे से शुरू हुई। मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, भाजपा पदाधिकारियों, विधायकों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में बाइक सवारों का काफिला निकला। यह अतर्रा चुंगी होते हुए महाराणा प्रताप की प्रतिमा तक पहुंचा। यहीं रैली का समापन हुआ। मंत्री ने कार्यक्रम की सफलता के लिए संगठन और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। ‘मेहनत और विकास को हाईजैक कहना है तो गर्व है’ मोदी-योगी पर देश को ‘हाईजैक’ करने के आरोप पर मंत्री ने कहा कि अगर मेहनत, विकास और जनता का दिल जीतना हाईजैक करना है तो उन्हें इस पर गर्व है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की चौथी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित हो चुका है। उनके मुताबिक देश में विरासत और विकास दोनों साथ आगे बढ़ रहे हैं। अखिलेश के 403 सीटों वाले बयान पर तंज अखिलेश यादव के ‘302 की बजाय 403 पर नजर’ वाले बयान पर दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि सपा और इंडिया गठबंधन पहले आपस में ही लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि गठबंधन के नेता पहले अपनी ताकत देख लें। इसके बाद भाजपा से मुकाबला करने आएं। धर्मेंद्र कश्यप की पोस्ट पर बोले- कार्यकर्ताओं का सम्मान करती है भाजपा आंवला के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप की ‘टाटा बाय-बाय’ फेसबुक पोस्ट पर राज्यसभा टिकट नहीं मिलने की नाराजगी के सवाल पर मंत्री ने कहा कि ऐसा कैसे हो सकता है। उन्होंने भाजपा में कार्यकर्ताओं के सम्मान का दावा किया। साथ ही सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वहां राज्यसभा टिकट में ‘घर या धन’ ही विकल्प दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने निष्ठावान कार्यकर्ताओं को ढूंढ-ढूंढकर सम्मान देती है। 2047 तक विकसित राष्ट्र के संकल्प में बांदा की भूमिका मंत्री ने कहा कि 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री के संकल्प में बांदा की भी भूमिका होगी। उन्होंने बाइक रैली में शामिल भाजपा संगठन, विधायकों और कार्यकर्ताओं की सराहना की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)