बांदा में ABVP और सपा नेताओं के बीच विवाद, FIR:यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समेत अन्य नामजद, छेड़छाड़ का आरोप
बांदा के अतर्रा पीजी कॉलेज में एबीवीपी और समाजवादी पार्टी से जुड़े नेताओं के बीच हुए विवाद में पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एबीवीपी के छात्र नेता अभय सिंह की तहरीर पर गुरुवार देर रात 11:40 बजे सपा यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नीरज द्विवेदी, सपा छात्र सभा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विकास दीक्षित समेत अन्य लोगों को नामजद किया गया है। एबीवीपी की ओर से महिला कार्यकर्ता से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए शिकायत दी गई थी। विवाद गुरुवार दोपहर कॉलेज में छात्रों की मांगों को लेकर चल रहे प्रदर्शन के दौरान हुआ था। एबीवीपी के बांदा तहसील संयोजक अभय साहू छात्रों के साथ प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान नीरज द्विवेदी और विकास दीक्षित समर्थकों के साथ कॉलेज पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। सूचना पर एसडीएम और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद सपा नेताओं को थाने ले जाया गया। इस कार्रवाई की जानकारी मिलने पर सपा जिलाध्यक्ष उमेश यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कॉलेज पहुंच गए और हंगामा करने लगे। एबीवीपी नेता अभय सिंह ने अपनी तहरीर में सपा नेताओं और उनके समर्थकों पर महिला कार्यकर्ता से छेड़छाड़ का आरोप लगाया। इसी तहरीर के आधार पर पुलिस ने देर रात मुकदमा दर्ज किया। दूसरे पक्ष की ओर से भी एबीवीपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दिए जाने की बात सामने आई थी, लेकिन उस पर मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि नहीं हुई है। विवाद और दोबारा हंगामे की आशंका को देखते हुए एसडीएम शैलेंद्र मिश्रा के मौखिक आदेश पर कॉलेज को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया था। डीएसपी कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में निरोधात्मक समेत अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)