बारिश के 3 दिन बाद सई नदी का जलस्तर बढ़ा:बंथरा में अचानक बाढ़ के हालात; अब उन्नाव घूमकर लखनऊ आना होगा
सरोजनीनगर के बंथरा इलाके में सई नदी अचानक उफान पर आ गई है। लगातार बारिश के 3 दिन बाद बुधवार को जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा। बनी-मोहान रोड से रहीमनगर पड़ियाना जाने वाली रोड पर सई नदी पुल के पास सड़क के ऊपर से नदी का पानी तेजी से बह रहा है। इससे लतीफनगर से रहीमनगर पड़ियाना, हाजीपुर, ककौहां, सबसुख खेड़ा, हुलास खेड़ा, गोड़वा और पिपहरी सहित आसपास के गांवों के बीच आवागमन बाधित हो गया है। इसी तरह बनी -मोहान रोड पर हरौनी स्थित नारायणपुर चौराहे से दाराबनगर बरकोता होते हुए नदी पार के गांवों में हालत बदल गए हैं। मिर्जापुर लटौवा, भटगवां पांडे, महेंद्र, त्रिलोचन खेड़ा और नेवाजी खेड़ा के लोगों को आगे जाने के लिए उन्नाव घूमकर लखनऊ आना होगा। उन्नाव जिले के गिरवर खेड़ा, खड़रिया सहित कई अन्य गांवों को आने-जाने वाली रोड के ऊपर से भी दाराबनगर, बरकोता और सई नदी के बीच नदी के पानी का तेज बहाव है। खतरे को देखते हुए पुलिस ने सड़क पर पेड़ की डाल रखकर और बैरिकेडिंग लगाकर रास्ता रोक दिया है। कई पुलिसकर्मी भी तैनात दिख रहे हैं। बैरिकेडिंग के पास से बाइक और साइकिल सवारों को निकलने दिया जा रहा है, जबकि पानी का खतरा भी उनको भी है। 6 तस्वीरें देखिए- बारिश के बाद रोज बढ़ रहा पानी बताते चलें कि बीते दिनों लगातार तीन दिन हुई बरसात के बाद सई नदी का जलस्तर दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। बीती रात इतना ज्यादा जलस्तर बढ़ गया कि नदी का पानी लतीफ नगर से रहीम नगर पड़ियाना जाने वाली रोड के ऊपर से बहने लगा। इससे लोगों को आने-जाने में दिक्कत खड़ी हो गई। जिन गांवों नाम ऊपर बताए हैं, वहां के लोग अभी तक सीधे सई नदी के पुल पार करने के बाद करीब 7-8 किलोमीटर दूरी तय कर बंथरा पहुंच जाते थे। लेकिन, अब बंथरा पहुंचने के लिए 15 से 18 किलोमीटर दूरी तय कर उन्नाव जिले के सोहरामऊ होते हुए जाना पड़ेगा। ट्रैक्टर-ट्रॉली फंसने पर पुलिस बुलाई बुधवार सुबह लतीफनगर की ओर से ईंटों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्राली इसी रोड पर रहीम नगर पड़ियाना की तरफ जा रही थी। तभी सई नदी का पुल पार करते ही सामने से आ रहे बाइक सवार को रास्ता देने के चक्कर में ट्रैक्टर का पहिया सड़क से नीचे उतर गया। जिससे वह पलटते पलटते बचा। वहीं सड़क के ऊपर से हो रहे पानी की तेज बहाव और उसी जगह पर ट्रैक्टर ट्राली फंसने से लोगों के सामने आवागमन में दिक्कत पैदा होने लगी। तब ग्रामीणों ने घटना की सूचना हरौनी पुलिस चौकी को दी। सूचना के बाद चौकी इंचार्ज श्यामजी मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बाद में पुलिस ने तेज बहाव को देखते हुए सुबह करीब 10:30 बजे सड़क के दोनों ओर बैरियर और पेड़ों की डालियां लगाकर बड़े वाहनों का आवागमन बंद कर दिया। फिलहाल, बाइक और साइकिल के लिए सीमित रास्ता छोड़ा गया है। स्कूली बच्चों को समस्या सबसे ज्यादा ग्रामीणों के मुताबिक, इस मार्ग से रोजाना आसपास के कई गांवों के हजारों लोग आवागमन करते हैं। लेकिन, सई नदी का जलस्तर बढ़ने से सड़क के ऊपर से हो रहे पानी के तेज बहाव के कारण स्कूली बच्चों के सामने समस्या खड़ी हो गई है। इसी तरह दाराबनगर बरकोता से नदी पार मिर्जापुर लटौवा जाने वाली रोड पर सई नदी पुल से पहले रोड के ऊपर नदी का पानी भयंकर तेजी से बह रहा है। राहगीरों के लिए बड़ा खतरा बना हुआ है। इस खतरे को देखते हुए पुलिस ने दोपहर करीब 12:30 बजे इस रास्ते को भी पूरी तरह बंद कर दिया है। पुलिस दोनों जगह बराबर निगरानी कर रही है। ताकि, कोई इस रोड से खतरे के बीच न गुजरे। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से आने जाने के लिए वैकल्पिक रास्ते की जल्द व्यवस्था कराने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)