बारिश से किसान-मजदूर महापंचायत का टेंट गिरा:मुजफ्फरनगर के GIC मैदान में जलभराव, कीचड़ से बैठने की व्यवस्था प्रभावित
मुजफ्फरनगर के जीआईसी मैदान में सुबह से हो रही तेज बारिश से पानी भर गया। गुरुवार को किसान-मजदूर महापंचायत के लिए लगाया गया टेंट भी गिर गया। मैदान में कीचड़ के चलते किसानों और मजदूरों के बैठने की व्यवस्था प्रभावित हो गई है। किसान मजदूर संगठन के बैनर तले होने वाली महापंचायत के लिए मैदान में तैयारियां की जा रही थीं, लेकिन लगातार बारिश ने व्यवस्थाएं बिगाड़ दीं। टेंट से पानी टपकने और मैदान में पानी भरने के कारण कार्यक्रम को सुचारु रूप से आयोजित करना आयोजकों के लिए चुनौती बन गया है। खराब मौसम के बावजूद संगठन ने महापंचायत आयोजित करने का फैसला किया है, हालांकि पंचायत के एक बजे से निर्धारित समय तक एक हजार भी किसान नहीं पहुंच सके हैं। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और महापंचायत के आयोजक ठाकुर पूरन सिंह ने किसानों और मजदूरों से जीआईसी मैदान पहुंचने की अपील भी की है। बारिश और जलभराव के बीच पूरन सिंह ने दावा किया कि मैदान में जितना पानी भरा है, उससे ज्यादा संख्या में किसान और मजदूर महापंचायत में पहुंचेंगे। उनके इस बयान के बाद अब सबकी नजर इस बात पर है कि खराब मौसम के बावजूद महापंचायत में कितनी भीड़ जुटती है। फिलहाल मैदान में जलभराव और गिरे टेंट के बीच आयोजन की तैयारियां प्रभावित हैं। बारिश के बीच महापंचायत को किस तरह संपन्न कराया जाएगा, यह आयोजकों के सामने सबसे बड़ी चुनौती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)