बावन पावर हाउस में पानी भरा, 3 दिन से बिजली-ठप:हरदोई में SDM और XEN ने किया निरीक्षण, युद्धस्तर पर पानी निकासी शुरु
हरदोई जनपद में बावन कस्बा स्थित पावर हाउस में बारिश का पानी भरने से 3 दिन से इससे जुड़े क्षेत्रों में विद्युत सप्लाई बाधित है। जिससे लोगों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। तीन दिनों से लगातार अंधेरे और बिजली संकट से जूझ रहे ग्रामीणों की सुध लेने सोमवार की दोपहर करीब 2:30 बजे SDM मयंक कुंडू और अधिशासी अभियंता (XEN) पहुंचे। दोनों ने बावन पावर हाउस समेत आसपास की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने पावर हाउस परिसर में हुए भारी जलभराव का बारीकी से जायजा लिया और वहां तैनात विभागीय कर्मचारियों से विद्युत आपूर्ति बाधित होने के मुख्य कारणों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि लगातार मूसलाधार बारिश का पानी पावर हाउस परिसर के अंदर भर जाने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से सप्लाई रोकनी पड़ी थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने मौके पर ही पानी की निकासी के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराईं। वर्तमान में विभागीय तकनीकी टीम जलभराव को दूर करने और बिजली व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए युद्धस्तर पर जुटी हुई है। तीन दिनों से बिजली न होने से ग्रामीणों का हाल बेहाल हो चुका है। पेयजल की भारी किल्लत पैदा हो गई है, मोबाइल चार्जिंग जैसी बुनियादी जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं और घरेलू कामकाज के साथ-साथ छोटे कारोबारियों का व्यवसाय भी ठप पड़ गया है। बच्चे भी अंधेरे के कारण अपनी पढ़ाई ठीक से नहीं कर पा रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि पावर हाउस परिसर से पानी की निकासी का काम तेजी से चल रहा है। जल निकासी और सभी आवश्यक तकनीकी मरम्मत का कार्य पूरा होते ही क्षेत्र में जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)