बच्ची से दरिंदगी के दोषी को मरने तक कैद:25 हजार रुपए जुर्माना, पीड़िता को भी 25 हजार रुपए मिलेंगे

Oct 17, 2026 - 20:45
0
बच्ची से दरिंदगी के दोषी को मरने तक कैद:25 हजार रुपए जुर्माना, पीड़िता को भी 25 हजार रुपए मिलेंगे
मुजफ्फरनगर में 6 साल की बच्ची से लैंगिक अपराध के मामले में विशेष पॉक्सो अदालत ने दोषी पप्पू को मौत होने तक कैद की सजा सुनाई। शनिवार को अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) मनोज कुमार सिद्ध की अदालत ने 25 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया। पीड़िता के मेडिकल और पुनर्वास के लिए 25 हजार रुपए प्रतिकर देने का आदेश दिया गया। सामान लेने जा रही बच्ची को बहलाकर जंगल ले गया अभियोजन पक्ष के मुताबिक, घटना 19 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे की है। छह वर्षीय बच्ची घर से परचून की दुकान पर सामान लेने जा रही थी। इसी दौरान छपार निवासी पप्पू उसे बहलाकर जंगल की ओर ले गया। आरोप है कि वहां उसने बच्ची के साथ लैंगिक अपराध किया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे तो आरोपी मौके से फरार हो गया। बाद में बच्ची के पिता ने छपार थाने में शिकायत दर्ज कराई। आठ गवाहों के बयान दर्ज कराए पुलिस ने 20 अप्रैल को मुकदमा दर्ज कर जांच की। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने आठ गवाहों के बयान दर्ज कराए और मौखिक व लिखित साक्ष्य पेश किए। विशेष लोक अभियोजक प्रदीप बालियान और दिनेश कुमार शर्मा ने अदालत में पैरवी की। गवाहों और साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने पप्पू को दोषी ठहराया। दो धाराओं में सजा, दोनों साथ चलेंगी अदालत ने पॉक्सो अधिनियम की धारा 5(एम)/6 के तहत दोषी को आजीवन कारावास और 20 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई। जुर्माना नहीं भरने पर एक वर्ष का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा। भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत भी 5 साल कैद और 5 हजार रुपए जुर्माना लगाया गया है। जुर्माना नहीं देने पर 3 महीने का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा। अदालत ने दोनों सजाओं को साथ-साथ चलाने का आदेश दिया है। जेल में बिताई अवधि सजा में समायोजित होगी अदालत ने दोषी की विचारण, अन्वेषण और जांच के दौरान जेल में बिताई गई अवधि को सजा में समायोजित करने का आदेश दिया। पीड़िता के चिकित्सा खर्च और पुनर्वास के लिए 25 हजार रुपए प्रतिकर देने के निर्देश भी दिए गए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User