इलाहाबाद पश्चिम बना नीलम करवरिया कप चैंपियन:फाइनल में फूलपुर को सात विकेट से हराया, आतिफ ने 45 रन बनाने के साथ झटके तीन विकेट

Oct 17, 2026 - 20:45
0
इलाहाबाद पश्चिम बना नीलम करवरिया कप चैंपियन:फाइनल में फूलपुर को सात विकेट से हराया, आतिफ ने 45 रन बनाने के साथ झटके तीन विकेट
प्रयागराज नीलम करवरिया कप क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे संस्करण का खिताब इलाहाबाद पश्चिम विधानसभा ने अपने नाम कर लिया। शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में इलाहाबाद पश्चिम ने फूलपुर विधानसभा को सात विकेट से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। टीम की जीत के हीरो आतिफ साजिद रहे। उन्होंने बल्लेबाजी में 45 रन की नाबाद पारी खेलने के साथ गेंदबाजी में तीन विकेट भी हासिल किए। शानदार प्रदर्शन के लिए आतिफ को प्लेयर ऑफ द फाइनल और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी फूलपुर विधानसभा की टीम 18.2 ओवर में 118 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। फूलपुर की ओर से देवांश पाठक ने 43 रन और जितेंद्र यादव ने 17 रन बनाए। इलाहाबाद पश्चिम की ओर से आतिफ साजिद ने 10 रन देकर तीन विकेट लिए। मो. तैमूर और देव प्रकाश सिंह ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि आदित्य राज तिवारी को एक विकेट मिला। 119 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इलाहाबाद पश्चिम की टीम ने 16.2 ओवर में तीन विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। आतिफ साजिद ने 25 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 45 रन बनाए। सागर शर्मा ने 27 रन का योगदान दिया, जबकि मो. तैमूर 26 रन बनाकर नाबाद लौटे। फूलपुर की ओर से अभिनव तिवारी ने दो विकेट लिए। मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता इलाहाबाद पश्चिम की टीम को ट्रॉफी के साथ एक लाख रुपये और उपविजेता फूलपुर की टीम को ट्रॉफी के साथ 60 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता में आतिफ साजिद को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और प्लेयर ऑफ द फाइनल, सागर शर्मा को बेस्ट बैटर, मो. तैमूर को बेस्ट बॉलर और अमितेश शुक्ला को बेस्ट फील्डर का पुरस्कार मिला। समारोह में पूर्व भारतीय क्रिकेटर और यूपी रणजी टीम के कोच ज्ञानेंद्र पांडेय, पूर्व विधायक उदयभान करवरिया, पूर्व क्रिकेट कोच देवेश मिश्र समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे। आयोजन सचिव सक्षम करवरिया ने अतिथियों का स्वागत किया और प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग करने वालों के प्रति आभार जताया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User