बदायूं के गांधी ग्राउंड में श्रीरामलीला महोत्सव शुरू:पहले दिन हुआ कृष्ण जन्म से कंस वध का मंचन, दरभंगा के 25 कलाकार कर रहे मंचन
बदायूं के गांधी ग्राउंड में रविवार से श्रीरामलीला महोत्सव का आगाज हो गया। श्रीरामलीला महोत्सव कमेटी के तत्वावधान में पहले दिन बिहार के दरभंगा से आए कलाकारों ने श्रीकृष्ण लीला का मंचन किया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से लेकर कंसवध तक की लीला आधी रात तक चली। मंचन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। रामलीला मैदान में मेला भी सजना शुरू हो गया है। अगले चार-पांच दिन में यहां 200 से अधिक छोटी-बड़ी दुकानें सज जाएंगी। व्यापारी पहुंचने लगे हैं। झूले लगाए जा रहे हैं और लाइटिंग का काम भी चल रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए गांधी ग्राउंड में मेला कोतवाली बनाई गई है। आग से बचाव के लिए फायर टेंडर भी तैनात किए गए हैं।
सोमवार को भी गांधी ग्राउंड में धार्मिक ड्रामे का आयोजन होगा। दरभंगा से 25 कलाकारों का दल रामलीला मंचन के लिए आया है। इनमें राजा शर्मा प्रभु श्रीराम, ब्रिजु लक्ष्मण, नितीश कुमार सीता और श्रवण कुमार रामभक्त हनुमान की भूमिका निभाएंगे। वरिष्ठ कलाकार लल्लन झा रावण का किरदार निभाएंगे। रामलीला महोत्सव के दौरान प्रभु श्रीराम की बारात की शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। दशहरा पर्व पर ग्रीन आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। आयोजकों के मुताबिक इन कार्यक्रमों को देखने के लिए हजारों लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। आने वाले दिनों में रामलीला के साथ गांधी ग्राउंड का मेला भी पूरी तरह गुलजार नजर आएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)