बदायूं में 2.50 लाख के सोने के आभूषण निकले नकली:महिला ने जांच कराई तो नहीं मिला सोना, रुपये मांगने पर दुकानदार समेत 4 पर केस; एक गिरफ्तार
बदायूं के अलापुर में 2.50 लाख रुपये में खरीदे गए सोने के आभूषण जांच में नकली निकले। महिला ने आभूषण और रसीद दुकानदार को वापस कर रकम मांगी तो आरोप है कि दुकानदार, उसके पिता और दो भाइयों ने रुपये लौटाने से इनकार कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। अलापुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर सात, मोहल्ला खेड़ा निवासी अशरफ जहां पत्नी हबीब ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 5 अक्टूबर को वह कपड़े खरीदने के दौरान उवैस पुत्र नाजिम निवासी सखानू की अलापुर स्थित दुकान पर गई थीं। शिकायत के अनुसार, उवैस ने मां के बीमार होने की बात कहते हुए सोने के आभूषण बेचने की बात कही। उसकी बात पर भरोसा कर अशरफ जहां ने एक हार और तीन सोने की अंगूठियां 2.50 लाख रुपये में खरीद लीं। आभूषणों पर 18K और 750HM अंकित था। रसीद मांगने पर उवैस ने रसीद भी दी। सुनार से जांच कराई तो नकली निकले बाद में अशरफ जहां ने आभूषणों की सुनार से जांच कराई। जांच में आभूषण नकली बताए गए और उनमें सोना नहीं होने की जानकारी मिली। इसके बाद महिला ने आभूषण और रसीद उवैस को वापस कर अपने 2.50 लाख रुपये मांगे। शिकायत के मुताबिक, रुपये वापस मांगने पर उवैस के साथ उसके दो भाई और पिता भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने न तो आभूषण वापस लिए और न ही रकम लौटाई। महिला के रुपये मांगने पर सभी वहां से चले गए। एक आरोपी गिरफ्तार, पिता और भाई फरार पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर उवैस को गिरफ्तार कर लिया है। उसके दो भाई और पिता फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि नकली आभूषण बेचने का यह कारोबार कब से चल रहा था और इसमें अन्य कौन लोग जुड़े हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)