SSC CHSL-2025 का अंतिम परिणाम जारी, 3515 का चयन:केंद्र सरकार के विभागों में मिली नौकरी, जल्द होगा डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन

Oct 08, 2026 - 17:41
0
SSC CHSL-2025 का अंतिम परिणाम जारी, 3515 का चयन:केंद्र सरकार के विभागों में मिली नौकरी, जल्द होगा डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन
कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने कंबाइंड हायर सेकेंडरी (10+2) लेवल परीक्षा 2025 (CHSLE-2025) का फाइनल परिणाम घोषित कर दिया है। इस परीक्षा के जरिए केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और संगठनों में कुल 3,515 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया है। आयोग के अनुसार, कुल 3,522 पदों पर भर्ती की जानी थी, जिसके मुकाबले 3,515 योग्य उम्मीदवारों को प्रोविज़नली शॉर्टलिस्ट किया गया है। इनमें अनारक्षित श्रेणी के 1,674, ओबीसी के 766, एससी के 487, एसटी के 251 और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के 337 अभ्यर्थी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त पूर्व सैनिकों और दिव्यांग वर्ग के अभ्यर्थियों को भी नियमानुसार क्षैतिज आरक्षण के तहत जगह मिली है। स्लाइडिंग और सत्यापन प्रक्रिया के बाद जारी हुई सूची आयोग ने इससे पहले 17 अगस्त 2026 को प्रथम चरण का अनंतिम आवंटन (FRTA) जारी किया था। इसके बाद 1 से 3 सितंबर के बीच अभ्यर्थियों के लिए ऑन-लाइन मॉड्यूल के जरिए 'फिक्स' और 'फ्लोट' का विकल्प चुनना तथा पहचान सत्यापन (IV) में शामिल होना अनिवार्य किया गया था। जो अभ्यर्थी इस प्रक्रिया में शामिल नहीं हुए, उन्हें अनुपस्थित मानकर अंतिम परिणाम की दौड़ से बाहर कर दिया गया। इस प्रक्रिया में 2,260 अभ्यर्थियों ने फिक्स और 927 ने फ्लोट विकल्प चुना, जबकि अनुपस्थित अभ्यर्थियों से खाली हुई सीटों पर 328 नए उम्मीदवारों को मौका मिला। 3 अभ्यर्थियों का रिजल्ट रोका गया, टाई-ब्रेकर से तय हुई मेरिट आयोग ने विभिन्न कारणों से 3 अभ्यर्थियों का परिणाम फिलहाल रोककर (Withheld) रखा है। वहीं टियर-2 परीक्षा में समान अंक पाने वाले अभ्यर्थियों के बीच मेरिट तय करने के लिए पहले टियर-2 के सेक्शन-1 के अंक, फिर टियर-1 के अंक और अंत में अधिक उम्र वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देने का नियम लागू किया गया। विभागों में जल्द शुरू होगा दस्तावेज सत्यापन अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों को अब संबंधित आवंटित विभागों और मंत्रालयों द्वारा आगे की नियुक्ति प्रक्रिया और दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) के लिए बुलाया जाएगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परिणाम जारी होने के 6 महीने के भीतर यदि अभ्यर्थी को संबंधित विभाग से कोई पत्राचार प्राप्त नहीं होता है, तो उसे सीधे उसी विभाग से संपर्क करना होगा। आयोग ने यह भी साफ किया है कि इसके लिए कोई वेटिंग या रिजर्व लिस्ट तैयार नहीं की जाती है और शेष खाली पदों को अगली भर्ती में जोड़ा जाएगा। अभ्यर्थियों के अंक और अंतिम उत्तर कुंजी जल्द ही वेबसाइट पर जारी की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User