बदायूं में बहन-भांजे के हत्यारोपी पर चार्जशीट:संपत्ति के विवाद में मारा था, पुलिस ने मुठभेड़ में किया था गिरफ्तार

Oct 09, 2026 - 10:48
0
बदायूं में बहन-भांजे के हत्यारोपी पर चार्जशीट:संपत्ति के विवाद में मारा था, पुलिस ने मुठभेड़ में किया था गिरफ्तार
बदायूं में कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव बखतपुर में हुए मां-बेटे के दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी वीर सिंह के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। संपत्ति विवाद में आरोपी ने पहले भांजे आकाश को गोली मारी थी। उसे बचाने और आरोपी को पकड़ने पहुंची बहन संतोषी को भी गोली मार दी थी। आकाश की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल संतोषी ने तीन दिन बाद सैफई मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया था। वारदात के बाद फरार हुए आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था। घटना 15 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे की है। संतोषी पति की मौत के बाद अपने बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। संपत्ति को लेकर उसका भाई वीर सिंह से विवाद चल रहा था। घटना वाली रात दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर वीर सिंह तमंचा लेकर आया और भांजे आकाश को गोली मार दी। गोली लगने से आकाश गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। भांजे को गोली मारने के बाद आरोपी भागने लगा तो संतोषी ने उसे पकड़ने की कोशिश की। इस पर वीर सिंह ने उसे जमीन पर पटककर गोली मार दी और फरार हो गया। दोनों घायलों को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे। आकाश को राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संतोषी की हालत गंभीर होने पर उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान 17 जुलाई को उनकी भी मौत हो गई। दोहरे हत्याकांड के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश में टीमें लगाईं। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। 21 जुलाई को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान वीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किए थे। अब विवेचना पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है। इससे मामले में न्यायिक कार्रवाई आगे बढ़ेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User